सोनभद्र पुलिस का अनोखा जागरूकता अभियान
यूपी 80 न्यूज़, सोनभद्र
सोनभद्र पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के चुर्क मोड़ सपा तिराहा पर “सेल्फी स्टेशन/फोटो बूथ” स्थापित कर लोगों को रांग साइड ड्राइविंग के खतरों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान “Wrong Side Driving Champion”, “गलत साइड = हादसे की फास्ट ट्रैक टिकट”, “मेरी जल्दी किसी की जिंदगी से बड़ी नहीं” और “जिंदगी फिल्म नहीं है, रीटेक नहीं मिलेगा” जैसे संदेशों के माध्यम से वाहन चालकों और राहगीरों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में लोगों ने सेल्फी लेकर सड़क सुरक्षा का संदेश फैलाया। यातायात पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को सही दिशा में वाहन चलाने, हेलमेट पहनने और नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया। साथ ही नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को फूल और पानी देकर सम्मानित भी किया गया।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारू द्विवेदी, यातायात निरीक्षक नरेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि आगे भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे।









