यूपी80 न्यूज, बेल्थरारोड/ बलिया
बेमौसम बारिश का असर न केवल किसानों पर पड़ा है, बल्कि ईंट-भट्ठा व्यावसाय पर भी पड़ा है। जिसकी वजह से ईंट-भट्ठा मालिकों ने ईंट की कीमत में बढ़ोतरी का फैसला लिया है। यह वृद्धि क्षतिपूर्ति के तौर पर प्रति हजार ईंट पर 500 रुपए की गई है। जिला पंचायत के डाक-बंगले में ईंट भट्ठा मालिकों ने एक बैठककर अपनी क्षति के सम्बन्ध में चर्चा की।
बेल्थरा रोड के जिला पंचायत डाक बंगला में ईंट भट्ठा संचालकों की एक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सभी ने ईंट भट्ठा के संचालन व बिक्री से सम्बंधित अपनी समस्याओं को रखा। कहा कि बे-मौसम अत्यधिक वर्षा के कारण ईंट भट्ठों को काफी क्षति पहुंचा है। बारिश के चलते लाखों कच्ची ईंटें बर्बाद हो गई। यहां तक कि वहां पानी लगने से एक पखवाड़े तक ईंट पथाई भी प्रभावित रहेगी। भट्ठा संचालकों ने इस दौरान अपने-अपने क्षति की जानकारी दी। कहा कि इस नुकसान के चलते उत्पादन लागत में भारी वृद्धि हुई है। उन्होंने इसकी भरपाई के लिए ईंटों की दरों में वृद्धि करने पर जोर दिया गया।

बैठक में इस पर सर्व सम्मति रही। तत्पश्चात इस वित्तीय वर्ष में ईंट की बिक्री के लिए नई दरें निर्धारित की गईं। जिसमें प्रति हजार ईंट पर 5 सौ रुपए वृद्धि का निर्णय लिया गया। बैठक में ईंट भट्ठा संघ के अध्यक्ष सुरेश सिंह, शाहिद अख्तर, राजेश वर्मा, पवन जायसवाल, बेलाल अहमद, बृजेश कुमार यादव, सत्येन्द्र यादव, देवेन्द्र यादव, राजू, पंकज कुमार यादव आदि उपस्थित रहे।
