यूपी 80 न्यूज़, बलिया
सलेमपुर लोकसभा से तीसरी बार भाजपा से प्रत्याशी बनाए जाने पर सांसद रविन्द्र कुशवाहा ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है। कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में वह जीत का नया रिकार्ड बनाएंगे। उन्होंने दावा किया कि इस मर्तबा मोदी के नेतृत्व में भाजपा 400 के लक्ष्य को पार कर जाएगी। कहा कि इस चुनाव में मुसलमान भाई भी भाजपा को बढ़ चढ़कर वोट करेंगे।
सलेमपुर लोकसभा के भाजपा सांसद रविन्द्र कुशवाहा पर पार्टी ने एक बार फिर भरोसा जताया है। पार्टी द्वारा जारी किए गए पहली लिस्ट में उनका भी नाम शामिल है। उनके नाम की घोषणा होने के बाद से ही उन्हें बधाई देने का सिलसिला जारी है। भाजपा कार्यकर्ताओं में उन्हें माला पहनाने व उनके साथ सेल्फी लेने का होड़ लगा हुआ है। सलेमपुर लोकसभा से तीसरी बार भाजपा से टिकट दिए जाने पर सांसद ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष नड्डा जी व प्रधानमंत्री मोदी जी का मैं आभार प्रकट करता हूं। कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को अपनी व अपनी जनता की तरफ से धन्यवाद देता हूं। कहा कि मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।
सांसद रविंद्र कुशवाहा ने इस मर्तबा जीत के अंतर के बारे में पूछने पर कहा कि सलेमपुर लोकसभा का पिछला रिकार्ड टूटेगा। कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा 400 सीट पार करेगी तथा मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।
बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव में 15 उम्मीद्वार चुनाव मैदान में थे। जिसमें भाजपा के रविन्द्र कुशवाहा ने 467241 मत पाकर बसपा प्रत्याशी आरएस कुशवाहा 354764 मत को एक लाख से अधिक 112477 मतों से हराया था। राजेश कुमार मिश्रा कांग्रेस को 27288 मत प्राप्त हुए थे। इस बार सपा बसपा गठबंधन के न होने से भाजपाईयों को रिकॉर्ड मतों से जीत का विश्वास है।
इस अवसर पर भाजपा नेता देवेन्द्र कुमार गुप्त, देवेन्द्र पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ हरेराम सिंह, अमीर चंद गुप्ता, विनोद कुमार आदि मौजूद थे।