यूपी80 न्यूज, लखनऊ
अपना दल एस का नया प्रदेश अध्यक्ष शनिवार, 17 मई को घोषित हो सकता है। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार पाल ने पिछले सप्ताह अपने पद व पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफा के बाद फिलहाल पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष का पद रिक्त है।
पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल कल दिल्ली से लखनऊ आ रही हैं। पार्टी पदाधिकारियों के साथ वह कल बैठक करेंगी। माना जा रहा है कि वह शनिवार को नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा करेंगी।
राजकुमार पाल के इस्तीफा के बाद प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी आखिर किसे दी जाएगी? इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा है। क्या पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष पटेल समाज से होगा? क्या किसी अति पिछड़ा चेहरा के कंधे पर 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा? अथवा किसी दलित चेहरे को एक बार फिर पार्टी की कमान सौंपी जाएगी। इस पर कल फैसला हो सकता है।
पिछले तीन प्रदेश अध्यक्षों की बात करें तो तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष व विधायक डॉ.आरके वर्मा के पार्टी से दूर होने के बाद राजेंद्र पाल को 2017 में पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। 2019 में डॉ. जुमना प्रसाद सरोज को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। डॉ.सरोज 2022 तक प्रदेश अध्यक्ष रहे। इनके बाद प्रतापगढ़ सदर से पूर्व विधायक राजकुमार पाल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बने।
पढ़ते रहिए यूपी80 न्यूज: प्रतापगढ़- मजदूरी मांगने पर मजदूर धर्मराज पटेल की हत्या