यूपी80 न्यूज, नई दिल्ली
घरेलू पर्यटन के मामले में उत्तर प्रदेश में तेजी से उछाल आया है। यूपी में इस साल जून तक करीब 14 करोड़ 58 लाख 68 हजार 959 पर्यटक आए हैं, जबकि बीते वर्ष जून तक 13 करोड़ 49 लाख 64 हजार 792 पर्यटक आए थे। यानी इस वर्ष छह महीने में करीब 10904167 पर्यटक ज्यादा आए हैं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के आने से प्रदेश में पर्यटन उद्योग में तेजी आ रही है, इससे प्रदेश के युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश में 2022 में पर्यटकों की संख्या में पूर्व की अपेक्षा 190 प्रतिशत वृद्धि हुई है। वर्ष 2022 में प्रदेश में 31 करोड़ 85 लाख 62 हजार 573 पर्यटक आए थे। यह संख्या वर्ष 2021 से 190 प्रतिशत ज्यादा है। इसमें 31 करोड़ 79 लाख 13 हजार 587 भारतीय, जबकि छह लाख 48 हजार 986 विदेश के पर्यटक हैं। पर्यटक मंत्री ने कहा कि इस वर्ष पर्यटकों के आने की रफ्तार और तेज है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग प्रदेश में पर्यटन बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
