यूपी80 न्यूज, लखनऊ
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की दो सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा के पदमसेन चौधरी और मानवेंद्र सिंह को विजयी घोषित किया गया है। सोमवार को हुए मतदान में भाजपा के पदमसेन ने सपा के रामकरन निर्मल को 163 मतों से एवं भाजपा के दूसरे उम्मीदवार मानवेंद्र सिंह ने सपा के रामजतन राजभर को 164 मतों से शिकस्त दी।
![BJP](http://up80.online/wp-content/uploads/2020/09/BJP-Symbol-300x300.jpg)
विधानमंडल के तिलक हॉल में सोमवार को शाम चार बजे तक हुए मतदान में 403 में से 396 विधायकों ने मतदान किया। भाजपा की सहयोगी पार्टी अपना दल (एस) के समस्त विधायकों ने नेता विधानमंडल दल रामनिवास वर्मा के नेतृत्व में एकसाथ जाकर मतदान में भाग लिया।
![अपना दल एस](http://up80.online/wp-content/uploads/2023/05/अपना-दल-एस-के-विधायक-300x113.jpg)
सपा विधायक रमाकांत यादव, इरफान सोलंकी और सुभासपा के अब्बास अंसारी जेल में बंद होने के कारण मतदान नहीं कर सके। इसके अलावा सपा विधायक मनोज पारस अस्वस्थ होने के कारण मतदान में भाग नहीं ले सके।
![ओपी राजभर](http://up80.online/wp-content/uploads/2022/04/ओपी-राजभर-300x214.jpg)
इन्होंने नहीं डाला वोट:
विधान परिषद उपचुनाव में बसपा के एक मात्र विधायक उमाशंकर सिंह, कांग्रेस की विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ व वीरेंद्र चौधरी ने मतदान में भाग नहीं लिया।
उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार पदमसेन चौधरी को 279 और सपा के रामकरन निर्मल को 116 मत मिले। भाजपा के एक विधायक का वोट रद्द हो गया। भाजपा के दूसरे प्रत्याशी मानवेंद्र सिंह को 280 और सपा के रामजतन राजभर को 116 वोट मिले।
![Bahubali](http://up80.online/wp-content/uploads/2021/07/राजा-भैया-प्रतापगढ़-300x300.jpg)
भाजपा खेमे में नजर आए राजा भैया व ओमप्रकाश राजभर:
उपचुनाव में राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के दोनों विधायकों ने भाजपा प्रत्याशियों को वोट दिया। इनके अलावा सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर भी डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के साथ गाड़ी में दिखे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के दोनों प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की मंगलकामना की।