यूपी80 न्यूज, लखनऊ
समाजवादी पार्टी की सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के एनडीए में शामिल होने और पूर्व कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान के भाजपा में शामिल होने के बाद कई अन्य नेताओं के भाजपा में शामिल होने की चर्चा तेज है। जौनपुर की मुंगरा बादशाहपुर से बसपा की पूर्व विधायक सुषमा पटेल, सपा के पूर्व विधायक जगदीश सोनकर, साहब सिंह सैनी और राजपाल सैनी जैसे कई बड़े नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं। माना जा रहा है कि ये नेता जल्द ही कमल का दामन थाम लेंगे।
बता दें कि जौनपुर की मुंगरा बादशाहपुर से बसपा की पूर्व विधायक सुषमा पटेल 2022 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी में शामिल हुई थीं, लेकिन चुनाव बाद महज डेढ़ साल में ही उनका सपा से मोहभंग की खबरें आ रही हैं। सुषमा पटेल 2022 में जौनपुर की मड़ियाहूं सीट से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ी थी, लेकिन अपना दल एस के विधायक डॉ.आरके पटेल से हार गईं। हालांकि सुषमा पटेल भाजपा में शामिल होने की खबर को अफवाह बता रही हैं।
चूंकि 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा जौनपुर से हार गई थी। इसके अलावा विधानसभा चुनाव में भी जौनपुर जनपद में भाजपा को बड़ा झटका लगा था। ऐसे में पूर्वांचल में पटेलों को साधने के लिए भाजपा ने यह रणनीति बनाई है। जौनपुर से सपा नेता जगदीश सोनकर के भी भाजपा में शामिल होने की चर्चा है। जगदीश सोनकर चार बार विधायक रह चुके हैं। जगदीश सोनकर एससी वर्ग से आते हैं और उनकी समाज में अच्छी पकड़ है।
पूर्वांचल के अलावा पश्चिम में भाजपा अपना किला मजबूत करने के लिए नॉन जाट ओबीसी नेताओं को साधने में लगी हुई है। अखिलेश सरकार में साहब सिंह सैनी कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। इनके अलावा रालोद नेता राजपाल सैनी के भी भाजपा में शामिल होने की चर्चा है। राजपाल सैनी बसपा से राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। राजपाल सैनी 2022 में खतौली से रालोद के टिकट पर चुनाव लड़े थे, लेकिन असफल रहे।
पढ़ते रहिए www.up80.online ओमप्रकाश राजभर के पुत्र ने सपा पर कसा तंज, कहा-पिछड़ा मतलब सिर्फ यादव
![वाराणसी](http://up80.online/wp-content/uploads/2023/07/अशोक-इंस्टीट्यूट-सावन-300x300.jpg)
![सिल्वर](http://up80.online/wp-content/uploads/2023/05/सिल्वर-300x300.jpg)