यूपी80 न्यूज, लखनऊ
मिशन 2024 के तहत उत्तर प्रदेश की 80 सीटों पर विजय हासिल करने की रणनीति को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष शनिवार को दो दिवसीय लखनऊ दौरा पर पहुंच गए। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सारे सारे कील कांटे दुरूस्त करने में पार्टी जुट गई है। महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने पार्टी के नये व पुराने कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को लोकसभा चुनाव के लिए सक्रिय रहने का निर्देश दिया है।
बीएल संतोष ने लखनऊ में पार्टी मुख्यालय पर पदाधिकारियों के साथ शनिवार को बैठक कर भावी रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने पार्टी के जिम्मेदार पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रदेश की सभी लोकसभा सीटें जीतने के लिए कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की नौ साल की उपलब्धियों के बारे में बतायें। हमें हर वर्ग- हर तबके को जोड़कर चलना है। उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं को डिलीवरी मैन, दूध वाले और फेरी वालों को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी है।
बीएल संतोष का मुख्य फोकस लोकसभा चुनाव 2019 में हारी हुई 16 संसदीय सीटों पर हैं। उन्होंने विस्तारकों और प्रभारियों के साथ बैठक में विचार विमर्श किया है। बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहे।
महामंत्री संगठन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में कोर कमेटी की बैठक में सरकार और संगठन के बीच समन्वय के साथ चुनावी मुद्दों पर मंथन का भी कार्यक्रम है। बीएल संतोष ने सोशल मीडिया और आईटी विभाग के पदाधिकारियों को भी अलर्ट किया है। सभी प्रदेश महामंत्री और संगठनात्मक क्षेत्रों के अध्यक्षों के साथ भी क्षेत्रवार मौजूदा स्थिति और चुनावी तैयारी पर बात की है। संगठन महामंत्री मौजूदा सांसदों की क्षेत्र में सक्रियता, जनता के बीच उनकी छवि के साथ चुनाव के लिहाज से मजबूत और कमजोर सीटों की रणनीति की पड़ताल कर रहे हैं। साथ ही, महाजनसंपर्क अभियान के परिणाम की भी समीक्षा कर रहे हैं।

