डीआरएम ने स्टेशन पर विकास कार्यों की तय की डेडलाइन
यूपी 80 न्यूज़, बेल्थरा रोड
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित हो रहे बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन पर अब निर्माण कार्यों में तेजी आएगी। सोमवार को वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने करीब पौने दो घंटे तक स्टेशन, समपार फाटक संख्या 21सी तथा रेलवे कॉलोनी का गहन निरीक्षण कर निर्माण एजेंसी और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि नया टिकट घर और पे-एंड-यूज शौचालय 15 दिनों के भीतर तैयार कर रेलवे को हैंडओवर किया जाए, ताकि यात्रियों को जल्द इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।

डीआरएम ने निरीक्षण के दौरान स्टेशन के रिले रूम, बैटरी रूम, आईपीएस रूम, एसएम पैनल, सर्कुलेटिंग एरिया, निर्माणाधीन टिकट घर, पे-एंड-यूज शौचालय, नई पानी की टंकी, प्लेटफॉर्म संख्या दो एवं तीन पर चल रहे हाई लेवल प्लेटफॉर्म निर्माण, पैदल उपरिगामी पुल (एफओबी), दिव्यांग रैंप, पार्किंग, जल निकासी व्यवस्था तथा स्टेशन परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने प्लेटफॉर्म निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए प्लेटफॉर्म की सतह का कार्य शीघ्र पूरा कराने, खराब वाटर कूलर हटाने, पुराने पीआरएस/यूटीएस कार्यालय को नए भवन में स्थानांतरित करने, पार्किंग में पाथवे बनाने, स्टेशन पैनल का बेहतर अनुरक्षण तथा जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही रेलवे परिसंपत्तियों के बेहतर रखरखाव और स्टेशन परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर भी बल दिया।
स्टेशन निरीक्षण से पहले डीआरएम ने किरिहरापुर- बेल्थरा रोड के बीच स्थित समपार संख्या 21सी का संरक्षा निरीक्षण किया। यहां गेटमैन शुभम विश्वकर्मा के संरक्षा ज्ञान, कार्य प्रणाली, चिकित्सीय अभिलेख, संचार व्यवस्था तथा अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए समपार की सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने बेल्थरा रोड रेलवे कॉलोनी का भी निरीक्षण किया, जहां आवासों के रखरखाव, जल निकासी, सड़कों, हरित क्षेत्र एवं अन्य नागरिक सुविधाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलकर्मियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित आवासीय परिसर उपलब्ध कराना भी रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल है।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बलेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (तृतीय) आयुष कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (समन्वय) यशवीर सिंह, मंडल संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, वरिष्ठ डीएसटी रजत प्रिय, जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार, स्टेशन अधीक्षक राजू कुमार भारती, डीसीआई अखिलेश सिंह, आईओडब्ल्यू दिलीप सिंह, टीआई मनोज कुमार, वाणिज्यिक अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार, एसएसई पी/वे आर.पी. सिंह सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।














