विद्यालय बंद, प्रबंधक पर FIR की चेतावनी
विक्रम सिंह पटेल, झांसी
झांसी में शिक्षा विभाग ने मैरिज हॉल में बिना मान्यता संचालित हो रहे एक विद्यालय पर बड़ी कार्रवाई की है। डड़ियापुरा द्वितीय में एक मैरिज हॉल के अंदर न्यू मॉडर्न पब्लिक स्कूल और सर्वोदय ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल के नाम से नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक कक्षाएं संचालित होती मिलीं। औचक निरीक्षण के दौरान करीब 80 छात्र-छात्राएं मौके पर पढ़ते हुए पाए गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने तत्काल विद्यालय बंद कराने के निर्देश दिए हैं।
मामला झांसी के नगर क्षेत्र के डड़ियापुरा द्वितीय का है, जहां हरगोविंद साहू के मैरिज हॉल में विद्यालय का संचालन किया जा रहा था।
खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र झांसी अंतिमा के औचक निरीक्षण में न्यू मॉडर्न पब्लिक स्कूल और सर्वोदय ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल के नाम से विद्यालय चलता मिला। यहां नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक बच्चों की पढ़ाई हो रही थी। निरीक्षण के समय करीब 80 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत पाए गए। विद्यालय की मान्यता को लेकर स्थिति स्पष्ट न होने पर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया और तत्काल विद्यालय का संचालन बंद करने के निर्देश दिए।
अधिकारी ने साफ चेतावनी दी है कि निर्देश के बावजूद यदि विद्यालय दोबारा संचालित पाया गया तो एक लाख रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा। इतना ही नहीं, विद्यालय प्रबंधक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।
शिक्षा विभाग की कार्रवाई के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर बिना मान्यता के विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई कैसे संचालित हो रही थी और इतने समय से विभाग की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ी?
वहीं, शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों का दाखिला कराने से पहले विद्यालय की मान्यता की पूरी जानकारी जरूर लें। बिना मान्यता संचालित विद्यालयों में बच्चों का प्रवेश न कराएं, ताकि उनके भविष्य के साथ किसी तरह का खिलवाड़ न हो। मैरिज हॉल में स्कूल संचालन और बिना मान्यता कक्षाएं चलने के इस मामले ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पढ़ते रहिए यूपी80 न्यूज: काशी के दिलीप पटेल किसका बनेंगे विकल्प?










