यूपी80 न्यूज, नई दिल्ली
अपने बड़बोलेपन से सदैव सुर्खियों में रहने वाले भारतीय कुश्ती संघ के राश्ट्रीय अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह विवादों में घिर गए हैं। भारत के इंटरनेशनल कुश्ती खिलाड़ी बजरंग पुनिया, विनेश फोगाट Vinesh Phogat और साक्षी मलिक सहित कई भारतीय महिला और पुरुष पहलवानों ने भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के खिलाफ सुबह से धरने पर बैठ गए हैं। महिला पहलवान विनेश फोगाट सहित अन्य दिग्गज पहलवानों ने भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (BrijBhushan Sharan Singh) पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं।
विनेश फोगाट ने कहा, ‘WFI अध्यक्ष कई महिला पहलवानों और कोचों का यौन उत्पीड़न किया है। मैं आज यह कह रही हूं लेकिन मुझे नहीं पता कल मैं जिंदा रहूंगी या नहीं। यहां मेरे साथ जो महिला पहलवान बैठी हुई हैं, उनमें से भी कुछ इस छेड़छाड़ का शिकार हुई हैं। हम हमारे लिए नहीं लड़ रहे, हम कुश्ती को बचाने के लिए लड़ रहे हैं।’
विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया पर ट्विटर पर पहलवानों का जंतर मंतर पर धरना देते हुए फोटो पोस्ट की है। उन्होंने ट्वीट किया है,
“खिलाड़ी आत्मसम्मान चाहता है और पूरी शिद्दत के साथ ओलंपिक और बड़े खेलों के लिए तैयारी करता है, लेकिन अगर फेडरेशन उसका साथ ना दे मनोबल टूट जाता है। लेकिन अब हम नहीं झुकेंगे। अपने अधिकारों के लिए लड़ेंगे।”
हालांकि भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने खुद पर लगे तमाम आरोपों से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि अगर आरोप साबित हुए तो वो फांसी चढ़ जाएंगे।
