यूपी 80 न्यूज़ लखनऊ
आगा खाँ फाउण्डेशन, वाटर ऐड, एक्शन ऐड, सीएमएस, इरिगेशन एसोसिएशन ऑफ इण्डिया के तत्वावधान में आज अर्थ डे पर “प्लेनेट बनाम प्लास्टिक” पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। लिनियज होटल गोमती नगर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ आईएएस डॉ हीरालाल, अध्यक्ष एवं प्रशासक ग्रेटर शारदा सहायक परियोजना और राज कुमार प्रबन्ध निदेशक स्वच्छ भारत मिशन , राजीव यादव अपर आयुक्त ग्रेटर शारदा, गीता गाँधी किंगडन प्रेसिडेन्ट सीएमएस, पदमश्री सुधा सिह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस अवसर पर पदमश्री सुधा सिंह ने पानी की आवश्यकता पर बल देते हुये प्लास्टिक के प्रयोग को कम करने का आवाहन किया। डॉ हीरा लाल अध्यक्ष एवं प्रशासक ने विभिन्न जिलों से आये हुये मीडिया कर्मियों से आवाहन किया कि प्लास्टिक के बारे में जागरूकता सबसे बड़ी जरूरत है। इस कार्य मे मीडिया सर्वाधिक महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति जितना आक्सीजन लेता है उसको उतनी ऑक्सीजन वर्षभर में उसको उत्पन्न करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति जितना पानी का प्रयोग करता है उसको उतना वर्षा का जल रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का प्रयोग कर बचाना चाहिए। लोगों को बताना जरूरी हो गया है कि प्लास्टिक हमारे और हमारी पृथ्वी के लिए बहुत खतरनाक है। इस विषय में समाज में जागरूकता अत्यन्त आवश्यक है। तभी हम पृथ्वी को प्लास्टिक से मुक्त कर सकते हैं।
गीता गाँधी किंगडन ने विश्व के परिप्रेक्ष्य में प्लास्टिक कचरा समाप्त करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होने इस सदर्भ में विशेष रूप से नदियों, तालाबों आदि में डाले जा रहे कचरे को साफ करने की जरूरत बताई। ये हटा नहीं तो पर्यावरण को दूषित करता रहेगा। राजीव यादव अपर आयुक्त ने कहा, वर्तमान युग प्लास्टिक युग की भाँति हो गया है। प्लास्टिक रसायन के कारण ब्रेन, हृदय, पैरालाइसिस जैसी बीमारियों हो रही है। प्लास्टिक एक स्लो प्वाइजन है, जो मानव स्वास्थ्य और पृथ्वी के स्वास्थ्य दोनों को प्रभावित कर रहा है। इस अवसर पर चार समूह परिचर्चा हुई, जिनमें अरूण सिन्हा सेवानिवृत्त अपर मुख्य सचिव, संजय भूसरेड्डी सेवानिवृत्त अपर मुख्य सचिव एव अध्यक्ष रेरा, वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष शुक्ला आदि ने प्रतिभाग किया।