यूपी 80 न्यूज़, आजमगढ़/लखनऊ
राज्यसभा चुनाव में आजमगढ़ मंडल के लोग भाजपा से मायूस हैं। अब यहाँ के लोगों को समाजवादी पार्टी से आस है।
राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने उत्तर प्रदेश से सात चेहरों को उतारा है, इनमें पूर्वांचल से चार हैं। लेकिन आजमगढ़ मंडल (जनपद आजमगढ़, मऊ और बलिया) से किसी भी पदाधिकारी को जगह नहीं मिली। जबकि बलिया जनपद से आने वाले राज्यसभा सांसद सकल दीप राजभर का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। आजमगढ़ मंडल में 21 विधानसभा सीटें और 5 लोक सभा सीटें आती हैं। फिलहाल योगी कैबिनेट में इस मंडल से तीन मंत्री (एके शर्मा, दया शंकर सिंह और दानिश आज़ाद अंसारी) हैं। हालांकि मोदी कैबिनेट में यहाँ से किसी को जगह नहीं मिली।
सपा से आस:
![Samajwadi Party](http://up80.online/wp-content/uploads/2019/04/Samajwadi-Party-300x300.jpg)
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव में माना जा रहा है कि 7 सीटों पर भाजपा और तीन सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत पक्की है। ऐसे में अब देखना है कि समाजवादी पार्टी किसे संसद के उच्च सदन में भेजती है। क्या सपा की लिस्ट में इस मंडल के किसी नेता का नाम शामिल है? इस मंडल के मतदाताओं ने सपा को भी बढ़ चढ़ कर वोट दिया है और सपा प्रत्याशियों को विधानसभा से लेकर लोकसभा तक भेजने का काम किया है। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव आजमगढ़ से सांसद रह चुके हैं।