आज आजमगढ़ के पूर्व सांसद संतोष सिंह के आवास पर एकजुट होंगे पुराने कांग्रेसी
लखनऊ, 13 नवंबर
उत्तर प्रदेश कांग्रेस की नई टीम से पुराने कांग्रेसी खफा हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की इस नई टीम से कभी इंदिरा गांधी के बेहद करीब रहे कांग्रेस के पुराने नेता आज लखनऊ में एकजुट हो रहे हैं। बैठक में लिए गए निर्णय से कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को अवगत करायेंगे।
कांग्रेस के पुराने नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की टीम में वरिष्ठ नेताओं को शामिल नहीं किया गया। पिछले 50 वर्षों से पार्टी का झंडा बैनर उठाने वाले इन नेताओं को नजरअंदाज करना नागवार गुजर रहा है। चूंकि अजय कुमार लल्लू की नई टीम को पूरी तरह से प्रियंका गांधी की नई टीम कहा जा रहा है। इसलिए ये वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी से असंतुष्ट हैं और अब अपनी बात राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के सामने रखेंगे।
यह भी पढ़िए: क्यों दरकता जा रहा है एनडीए का कुनबा ?
लखनऊ में गोमती नगर के विश्वास खंड स्थित आजमगढ़ के पूर्व सांसद संतोष सिंह के आवास पर गुरुवार को पुराने कांग्रेसी नेता एकजुट हो रहे हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में लगभग 50 कांग्रेसी नेता शामिल होंगे। बता दें कि पिछले महीने पूर्व एमएलसी सिराज मेंहदी के घर पर पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं की बैठक हुई थी और प्रियंका गांधी की नई टीम से खफा पुराने नेताओं को एकजुट करने की रणनीति बनायी गई। उसी के तहत आज कांग्रेस के पुराने वरिष्ठ नेताओं को एकत्रित किया गया है।
यह भी पढ़िए: जेएनयू के छात्रों के सामने झुकी केंद्र सरकार, हॉस्टल फीस वापस