यूपी80 न्यूज, बेल्थरारोड/बलिया
बलिया जनपद के बेल्थरारोड कस्बे में दिवंगत टीवी एक्टर अमन जायसवाल के ब्रह्मभोज कार्यक्रम में उस वक्त माहौल बेहद गमगीन हो गया, जब अमन जायसवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करने आई ‘धरती पुत्र नंदनी’ टीवी सीरियल में उनकी को-स्टार रही शगुन सिंह की आंखें छलक आईं। टीवी एक्ट्रेस अपने परिजनों के साथ वहां पहुंची थीं। इस दौरान अमन के माता-पिता भी फूट-फूटकर रो पड़े। इस मौके पर शगुन सिंह ने कहा कि वह और अमन अच्छे दोस्त थे। उसने कभी ऐसा सोचा भी नहीं था कि ऐसे अवसर पर उसे यहां आना पड़ेगा।
शुक्रवार को टीवी एक्टर अमन जायसवाल के ब्रह्मभोज कार्यक्रम में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने धरती पुत्र नंदनी की एक्ट्रेस शगुन सिंह भी अपनी मां के साथ उनके घर पहुंची हुई थी। माहौल उस समय और गमगीन हो गया जब अमन जायसवाल के माता-पिता उसके चित्र पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे। बेटे का चित्र देखकर जहां पिता आशीष जायसवाल दहाड़े मार कर रोने लगे, वहीं उसकी माता की आंखों से झरझर आंसू बहने लगे। उनकी यह स्थिति देखकर सब उन्हें शांत कराने में जुट गए। परन्तु माता-पिता के आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। इस दौरान शगुन सिंह की आंखों से आंसू निकलते रहे।
बातचीत में शगुन सिंह ने बताया कि अमन मेरा बहुत अच्छा दोस्त था। उसके माता-पिता से भी हमारी फोन पर बात होती रहती थी। कहा कि मुझे यहां आना भी था। परन्तु यह क्या पता था कि ऐसी घड़ी में हमें यहां आना पड़ेगा। बातचीत के दौरान शगुन अपने आंसू नहीं रोक पा रही थी।
अमन के बारे में बताते हुए कहा कि वह काफी अच्छे इंसान थे, काफी अच्छे एक्टर थे। वह काफी अच्छा ग्रो कर रहे थे। वह काफी टैलेंटेड थे।
अमन का सपना बड़ा काम करना था, बड़ा नाम कमाना था। जब उनसे अमन का लक्ष्य पूछा गया तब उसने कहा कि सबका सपना बालीवुड में काम करने का होता है। अमन का भी यही सपना था। पर इतनी जल्दी सब-कुछ समाप्त हो जाएगा यह कभी सोचा भी नहीं था।
अमन को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला देर रात जारी रहा। श्रद्धांजलि देने वालों में रिटायर जज व भाजपा नेता अशोक सिंह कुशवाहा, पूर्व मंत्री राजधारी सिंह, पूर्व सांसद रविन्द्र कुशवाहा, प्रदेश सचिव आद्या शंकर यादव, भाजपा नेता छट्ठू राम, सपा नेता राजेश पासवान, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सत्य प्रकाश जायसवाल, डाॅ अर्द्धेंदु शेखर पांडेय, डॉ फैजुल रहमान, मतलूब अख्तर, शमशाद बासपारी, चेयरमैन प्रतिनिधि व सभासद दिनेश कुमार गुप्ता सहित अन्य लोग शामिल रहे।
बता दें कि उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष प्रशांत कुमार मंटू का भतीजा मात्र 16 वर्ष की उम्र में ही एक्टर बनने मुंबई चला गया। काफी संघर्ष के बाद वह एक अच्छे टीवी एक्टर के रूप में अपनी पहचान स्थापित की। धरती पुत्र नंदनी में लीड रोल के बाद वह लाइमलाइट में आ गया। उसके असमय निधन से उसके परिजनों पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा। अभी भी उसके पिता आशीष जायसवाल व माता राखी जायसवाल अपने को संभाल नहीं पा रहे हैं। अमन के चाचा प्रशांत कुमार मंटू, विशाल जायसवाल व अमित जायसवाल अपने बड़े भाई की स्थिति देखकर उनसे आंखें नहीं मिला पा रहे हैं। अमन के दादा दिनेश जायसवाल भी परिवार में अचानक हुए इस ब्रजपात से गमगीन हैं। इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है।
पढ़ते रहिए यूपी80 न्यूज: वरिष्ठ पत्रकार रामबहादुर राय सहित यूपी की 10 हस्तियों को पद्म पुरस्कार
पढ़ते रहिए: जीवन जीने की कला है विपश्यना