यूपी 80 न्यूज़, लखनऊ
योगी कैबिनेट के विस्तार की चर्चा एक बार फिर शुरू हो गई है। लोकसभा चुनाव से पहले सहयोगी दलों को तरजीह देते हुए यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार की लगाई जा रहीं अटकलों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मुलाकात की।
यह तय माना जा रहा है कि जल्द ही योगी सरकार के कैबिनेट का विस्तार हो सकता है। सूत्रों की मानें तो दिन रविवार और तारीख 03 मार्च मुकर्रर हो सकती है। हालांकि अभी इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अपना दल (एस) की तरह रालोद का मंत्री बनने के अलावा सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर, दारा सिंह चौहान के साथ ही भाजपा में शामिल कुछ और नेताओं को भी मंत्री बनाया जा सकता है।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री और राज्यपाल के बीच करीब 20 मिनट तक मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को मंत्रियों की लिस्ट भी सौंप दी है।
बता दें कि सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने मंत्रिमंडल विस्तार नहीं होने से काफी नाराज चल रहे हैं। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि जब तक राज-पाठ नहीं मिलेगा वे होली नहीं मनाएंगे। मीडिया में यह खबर आने के बाद सियासी गलियारे में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं तेज हो गई है।