अखिलेश यादव पर प्रसपा प्रमुख का तंज, कहा-जो परिवार का नहीं हो सका, वो कभी सफल नहीं हो सकता
यूपी80 न्यूज, गोरखपुर
“हमारी पार्टी यानी प्रसपा ही असली समाजवादी है।“ यह बयान प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने गोरखपुर में प्रेसवार्ता के दौरान दिया। शिवपाल यादव ने कहा कि मैनपुरी का चुनाव देश की तकदीर का फैसला करेगा। इस मौके पर उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जो परिवार का नहीं हो सका, वो कभी भी सफल नहीं हो सकता।
प्रसपा प्रमुख ने कहा कि बड़े नेताओं को समझदारी से काम लेना चाहिए। समाज में जिनका एक अच्छा प्रभाव और पकड़ है, उन्हें पार्टी छोड़ने के लिए मजबूर नहीं करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वे अलग नहीं होना चाहते थे। उन्हें मजबूर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि उनकी पार्टी निकाय चुनाव में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसके लिए जिलाध्यक्षों को प्रत्याशी चयन के लिए कहा गया है।
![नंद किशोर पटेल](http://up80.online/wp-content/uploads/2022/11/नंद-किशोर-पटेल-300x188.jpg)
बता दें कि सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन पर पूरा परिवार एक नजर आया था। खासकर शिवपाल और अखिलेश यादव बेहद करीब दिखाई दिए थे। अंत्येष्टि से लेकर अस्थि कलश विसर्जन और शांति पाठ तक शिवपाल हमेश अखिलेश के साथ साथ रहे। अब मुलायम के निधन से रिक्त मैनपुरी सीट पर उपचुनाव की घोषणा होते ही शिवपाल का रुख बदला-बदला नजर आने लगा है।