किसान महापंचायत को लेकर जोरों पर तैयारियां, यूपी के अलावा अन्य प्रदेशों के भी किसान होंगे शामिल
यूपी80 न्यूज, लखनऊ
“5 सितंबर को मुजफ्फरनगर में आयोजित पंचायत किसान पंचायत नहीं, बल्कि किसानों का धर्म युद्ध है।” भारतीय यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने यह घोषणा की है। बता दें कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 5 सितंबर को मुजफ्फरनगर जनपद में किसान महापंचायत का आयोजन होने जा रहा है। इस बाबत तैयारियां जोरों पर है। बुधवार को शामली जनपद की नगर पालिका सभागार में महापंचायत को लेकर किसानों ने एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया था। बैठक में जनपद के सैकड़ों किसानों ने भाग लिया।
बता दें कि भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत और राष्ट्रीय प्रवक्ता चौ.राकेश टिकैत की अगुवाई में होने वाली किसान महापंचायत की तैयारी की कमान खुद भाकियू के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत एवं चरण सिंह टिकैत ने संभाल ली है। महापंचायत को सफल बनाने के लिए गौरव टिकैत और चरण सिंह टिकैत गांव-गांव का दौरा करके किसानों से संपर्क कर रहे हैं।
भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष हरिनाम सिंह वर्मा का कहना है कि कृषि कानूनों के खिलाफ आयोजित होने वाली किसान महापंचायत को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। महापंचायत में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा हरियाणा, पंजाब, बिहार, राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों के लाखों किसान भाग लेंगे।
किसान नेताओं का कहना है कि 5 सितंबर को आयोजित होने वाली किसान महापंचायत ऐतिहासिक महापंचायत होगी। इस बाबत यूनियन के सभी पदाधिकारी जुटे हुए हैं।