यूपी80 न्यूज, पटना
बिहार के मुजफ्फरपुर जनपद स्थित कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जादू नहीं चला। यहां से भाजपा प्रत्याशी केदार गुप्ता ने जीत दर्ज की है। हालांकि यहां पर जदयू प्रत्याशी मनोज कुशवाहा ने अंत तक भाजपा प्रत्याशी केदार गुप्ता का पीछा किया, लेकिन अंतत: केदार गुप्ता की विजय हुई।

यहां केदार गुप्ता को 76653 वोट मिले, जबकि जदयू प्रत्याशी मनोज कुशवाहा को 73008 वोट मिले। केदार गुप्ता ने मात्र 3645 वोटों से जीत दर्ज की। जेडीयू प्रत्याशी मनोज कुशवाहा और भाजपा प्रत्याशी केदार गुप्ता दोनों पूर्व में मुखिया और विधायक रह चुके हैं।
मजे की बात यह है कि इस उपचुनाव में नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव दोनों ने पहली बार संयुक्त चुनावी जनसभा की थी, बावजूद इसके जेडीयू प्रत्याशी का हारना कई सवाल खड़े कर रहे हैं।
बिहार में महागठबंधन की उल्टी गिनती शुरू: अश्विनी चौबे

केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा है कि भाजपा उम्मीदवार केदार प्रसाद गुप्ता की ऐतिहासिक जीत के साथ ही बिहार में महागठबंधन की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। बिहार की जनता उनकी विदाई कराने का संदेश दे दिया है। कुढ़नी की महान जनता ने ठगने वाले महागठबंधन को धूल चटा दी है। यह जीत भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को और अधिक प्रबल करेगा।