भाजपा में शामिल किए जाने पर रीता बहुगुणा जोशी ने जतायी थी नाराजगी
यूपी80 न्यूज, लखनऊ
कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वर्तमान में प्रयागराज से भाजपा सांसद डॉ.रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाने के आरोपी बसपा के पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू को महज 7 दिनों के अंदर भाजपा से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने मंगलवार शाम को जितेंद्र सिंह बबलू की सदस्यता रद्द कर दी।

बता दें कि 7 दिन पहले 4 अगस्त को प्रदेश मुख्यालय में जितेंद्र सिंह बबलू भाजपा में शामिल हुए थे। जितेंद्र सिंह के भाजपा में शामिल होने पर भाजपा सांसद डॉ.रीता बहुगुणा जोशी ने नाराजगी जतायी थी। उन्होंने इस मामले में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह से मिलकर नाराजगी व्यक्त की थी। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने भी खुले तौर पर बबलू को भाजपा में शामिल करने के निर्णय को गलत बताया था।
बता दें कि 12 साल पहले 17 जुलाई 2009 को कांग्रेस की तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी के सरोजनी नायडू मार्ग हुसैनगंज स्थित आवास में आग लगाई गई थी। इस मामले में बसपा के तत्कालीन विधायक जितेंद्र सिंह बबलू सहित कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। अयोध्या के बीकापुर से जितेंद्र सिंह बबलू विधायक रह चुके हैं। उस जमाने में जितेंद्र सिंह बबलू की अयोध्या से लखनऊ तक धमक थी।