यूपी80 न्यूज, लखनऊ
निर्माण मजदूरों के लिए बनी योजनाओं को लागू करवाने और केरल, पंजाब, दिल्ली की तर्ज पर पंजीकृत निर्माण मजदूरों को 3000 रूपये पेंशन की गारंटी की मांग को लेकर गुरुवार को उत्तर प्रदेश निर्माण मजदूर संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में विभूति खंड लखनऊ स्थित बीओसी डब्लू बोर्ड मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन कर सैकड़ों मजदूरों ने सामूहिक भूख हड़ताल की।
भूख हड़ताल पर सुभाष भटनागर, राष्ट्रीय अभियान समिति निर्माण मजदूरों के नेशनल कोर्डिनेटर नई दिल्ली, हंसराज अकेला सदस्य केन्द्रीय भवन व अन्य सन्निर्माण सलाहकार बोर्ड भारत सरकार एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष की यू सी सी, का. कुमार मधुसूदन मगन, जिला सचिव आर इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियन्स ऐक्टू,का. रमेश सिंह सेंगर, राज्य संयोजक उत्तर प्रदेश संयुक्त निर्माण मजदूर मोर्चा, प्रमोद पटेल, राज्य कोर्डिनेटर, दिहाड़ी मजदूर यूनियन के अध्यक्ष संतोष यादव, उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन की जिला अध्यक्ष कमला गौतम हरिकेश बाराबंकी, ललिता राजपूत महिला नेत्री पूरन लाल इंकलाबी नौजवान सभा के प्रदेश सहसचिव राजीव गुप्ता, निर्माण मजदूर यूनियन असंगठित क्षेत्र लखनऊ की उपाध्यक्ष मंजूगौतम व अरविंद कुमार, संगठन मंत्री राम अनुज ओझा, संयुक्त मंत्री रमेश चन्द्र शर्मा आदि थे।
सभा को सम्बोधित करते हुए मजदूर नेताओं ने कहा कि बीओसीडब्लू बोर्ड द्वारा संचालित कई योजनाओं को खत्म कर दिया गया है और अन्य योजनाओं को धीरे धीरे निष्क्रिय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं में जान गवांने वाले मज़दूरों की फाइलें कई महीनों से श्रम कार्यालय में पड़ी हैं, लेकिन उनका भुगतान नहीं किया जा रहा है। तकनीकी खामियों के चलते मजदूरों के पंजीकरण और नवीनीकरण नहीं हो पा रहे हैं। प्रदेश में उपकर वसूली में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के चलते उपकर वसूली में हीला हवाली की जा रही है।
आज केरल में 5000 रूपये और पंजाब, दिल्ली में 3000 रूपये पेंशन मिल रही है, लेकिन उत्तर प्रदेश में 1000 रूपये जो मिल रहा था बोर्ड उसे भी खत्म करने पर आमादा है। नेताओं ने मांग की कि उत्तर प्रदेश में भी निर्माण मजदूरों को तीन हजार रुपए पेंशन की गारंटी की जाए और उपकर वसूली पर जोर बढ़ाया जाए, ताकि कल्याण कोष में पेंशन समेत सभी योजनाओं को लागू किया जा सके।
