आज रात से घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में फिर हुई 50 रुपए वृद्धि
यूपी80 न्यूज, नई दिल्ली
आपकी रसोई का बजट लगातार बढ़ता जा रहा है। फरवरी महीने में सरकारी तेल कंपनियों ने दूसरी बार घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि कर दी है। सोमवार को रसोई गैस की कीमत में 50 रुपए वृद्धि हुई है। अब रसोई गैस की कीमत 769 रुपए हो गई है। नई कीमत आज रात से लागू हो गई है। इससे पहले 4 फरवरी को बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर 25 रुपए महंगा हुआ था, अर्थात फरवरी में रसोई गैस की कीमत में 75 रुपए की वृद्धि हो चुकी है।
बता दें कि रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में दिसंबर में दो बार 50-50 रुपए की तेजी आई थी। बजट वाले दिन 19 किग्रा वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 191 रुपए की वृद्धि हुई थी।
2021 में जनवरी से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मुंबई में पेट्रोल की प्रति लीटर कीमत 95.21 रुपए और दिल्ली में 88.73 रुपए हो चुकी है। वहीं डीजल की कीमत भी इन दोनों शहरों में 86.04 रुपए और 79.06 रुपए हो चुकी है। हाल के कुछ महीनों में महंगाई में काफी अधिक वृद्धि देखने को मिली है।
माना जा रहा है कि देश में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में और अधिक उछाल होगा। अरब देशों में कच्चा तेल और महंगा होगा। ऐसे में होली तक पेट्रोल प्रति लीटर 100 रुपए के पार जा सकता है। महाराजगंज से समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद कुंअर अखिलेश सिंह कहते हैं कि यह सरकार पूरी तरह से जनविरोधी है। इसे आम जनता की रोजमर्रा की दिक्कतों से कोई सरोकार नहीं है। मोदी सरकार में किसान, नौजवान, व्यापारी हर वर्ग परेशान है। बलिया से सपा नेता चंद्रदेव राम कहते हैं कि केंद्र की मोदी सरकार और यूपी की योगी सरकार पूंजीपतियों की समर्थक है, उसे आम जनता की समस्याओं से मतलब नहीं है। लोगों की नौकरियां पहले ही जा रही है, लोग बेरोजगार हो रहे हैं, बावजूद इसके रसोई गैस का बजट गड़बड़ा रहा है।