संसद भवन से महज 8 किमी की दूरी पर है अस्पताल, उत्तरी दिल्ली नगर निगम में है बीजेपी का कब्जा
यूपी80 न्यूज, नई दिल्ली
संसद भवन से महज 8 किमी की दूरी पर स्थित हिन्दू राव अस्पताल के डॉक्टर पिछले चार महीने के वेतन की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। कोरोना काल में रेजिडेंट डॉक्टरों के हड़ताल पर चले जाने से मरीजों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

बता दें कि हिन्दूराव अस्पताल उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अंतर्गत आता है, यहां पर इन दिनों बीजेपी काबिज है। यानी केंद्र में भी बीजेपी और केंद्र के अंतर्गत आने वाली उत्तरी दिल्ली नगर निगम में भी बीजेपी, बावजूद इसके अस्पताल के डॉक्टरों को पिछले चार महीने से वेतन नहीं मिला। परिणामस्वरूप रेजिडेंट डॉक्टर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर चले गए हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि जब तक उन्हें पूरा वेतन नहीं मिल जाता, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। इससे पहले गुरुवार को हिन्दू राव अस्पताल, कस्तूरबा गांधी अस्पताल और राजन बाबू टीबी अस्पताल के डॉक्टरों ने हाथों में काली पट्टी बांधकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था और उसके बाद कैंडल मार्च भी निकाला था। इन डॉक्टरों ने वरिष्ठ अधिकारियों से वेतन संकट को जल्द से जल्द दूर करने की अपील की थी।
हिन्दू राव अस्पताल के आरडीए अध्यक्ष अभिमन्यु सरदाना का कहना है कि वेतन संकट का मामला उठाते-उठाते थक गए हैं, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है।