डॉ संजय निषाद ने कर दी बड़ी मांग
युवा तुर्क, लखनऊ/गोरखपुर
योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा की सहयोगी निषाद पार्टी के मुखिया इन दिनों नाराज चल रहे हैं। नाराजगी का आलम यह है कि पिछले दिनों विनोद साहनी हत्याकांड मामले में अपनी ही सरकार के खिलाफ धरना पर बैठ गये थे। चुनावी साल में सहयोगी पार्टी के मुखिया की यह नाराजगी नुकसान कर सकती है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश के नये प्रभारी विनोद तावड़े गोरखपुर स्थित निषाद पार्टी कार्यालय पहुँचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष निषाद पार्टी एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान क्षेत्रिय अध्यक्ष बीजेपी विनोद राय भी मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण संगठनात्मक एवं राजनीतिक विषयों पर विस्तृत चर्चा एवं विचार-विमर्श हुआ। तावड़े और निषाद की मुलाक़ात को वर्तमान सियासी माहौल में बहुत खास माना जा रहा है। मिशन फतह 2027 की बाबत तावड़े यूपी में पूरा फोकस किये हुए हैं। माना जा रहा है कि वे कोई भी पेंच ढीला नही छोड़ना चाहते हैं। दोनों नेताओं के बीच करीब डेढ़ घंटे तक वार्ता हुई। इस दौरान चौरीचौरा से भाजपा विधायक सरवन निषाद भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान डॉ. संजय निषाद ने निषाद आरक्षण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार से अब तक आश्वासन ही मिला है। उन्होंने मांग की कि कसरवल कांड में निषाद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमा को सरकार वापस ले। इस दौरान पूर्व सांसद प्रवीण निषाद, अमित निषाद भी मौजूद रहे।












