खेल से सीखने की पहल: बेल्थरारोड में शुरू हुआ प्ले-वे स्कूल
यूपी 80 न्यूज़, बेल्थरारोड
बदलते शैक्षिक दौर में अब छोटे बच्चों की पढ़ाई का तरीका भी बदल रहा है। इसी कड़ी में नगर के सोनाडीह मार्ग पर सेंट जेवियर्स किड्स प्ले वे स्कूल का शुभारंभ मंगलवार को खंड विकास अधिकारी सीयर फैसल आलम ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में शिक्षा के पारंपरिक तरीकों से हटकर आधुनिक “प्ले-वे” पद्धति को लेकर खास जोर दिया गया।

मुख्य अतिथि फैसल आलम ने कहा कि आज के समय में बच्चों पर शुरुआती उम्र से ही पढ़ाई का दबाव डालना उचित नहीं है। प्ले-वे पद्धति बच्चों को सहज वातावरण देती है, जहां वे खेल, गतिविधियों और अनुभवों के माध्यम से सीखते हैं। इससे बच्चों का मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास स्वाभाविक रूप से होता है।

विद्यालय की प्रिंसिपल जयश्री मिश्रा ने बताया कि इस स्कूल में बच्चों को किताबों तक सीमित न रखकर उन्हें व्यवहारिक ज्ञान से भी जोड़ा जाएगा। “हम बच्चों को डराकर नहीं, बल्कि प्यार और सहयोग के माहौल में सिखाने का प्रयास करेंगे,” उन्होंने कहा। उन्होंने यह भी बताया कि बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों जैसे मिट्टी के बर्तन बनाना (कुंभकारी) सिखाया जाएगा, जिससे उनकी सृजनात्मक क्षमता निखरे।
कार्यक्रम के दौरान एक अलग ही दृश्य देखने को मिला, जब नन्ही छात्रा नीति ने कथक नृत्य प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। यह प्रस्तुति इस बात का संकेत थी कि विद्यालय केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि बच्चों की प्रतिभाओं को मंच देने पर भी जोर देगा।
विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. जे. आर. मिश्र और शिक्षाविद शीला मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र में इस तरह के स्कूल की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। उनका उद्देश्य बच्चों को एक ऐसा वातावरण देना है, जहां वे दबावमुक्त होकर सीख सकें और उनका सर्वांगीण विकास हो।
कार्यक्रम में तनवीर फातिमा, आनंद यादव, अफरोज आलम, गार्गी सिंह, राजशेखर मिश्र, निलेश दीपू, नीरज तिवारी, तेजस्विनी मिश्रा सहित कई लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को मिट्टी के बर्तन बनाने की गतिविधि कराई गई, जिसने अभिभावकों का ध्यान विशेष रूप से आकर्षित किया। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि आने वाले समय में ऐसे और भी नवाचार किए जाएंगे, जिससे बच्चों की सीखने की प्रक्रिया आनंददायक बन सके।










