सपा के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने निकाला जुलूस
यूपी 80 न्यूज़, बेल्थरा रोड
बलिया जनपद के बेल्थरा रोड में आयुष यादव हत्याकांड को लेकर आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को स्थानीय तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान मृतक आयुष यादव के घर से उसके पिता बच्चा यादव के साथ बड़ी संख्या में युवाओं ने पैदल जुलूस निकाला, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तहसील परिसर पहुंचा और धरने में तब्दील हो गया।
जुलूस में युवाओं के हाथों में आयुष यादव की तस्वीर थी। वे लगातार “हत्यारों को गिरफ्तार करो”, “पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद” जैसे नारे लगा रहे थे। माहौल पूरी तरह से गुस्से और शोक से भरा हुआ था। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद उभांव पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं, जिससे अपराधियों के हौसले और बुलंद हो रहे हैं।
धरने को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव व पूर्व जिलाध्यक्ष आद्या शंकर यादव ने कहा कि बेल्थरा रोड शहीदों की धरती है और यहां बढ़ते अपराध को समाजवादी पार्टी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जब-जब इस क्षेत्र में अपराध बढ़ेगा, समाजवादी पार्टी सड़क पर उतरकर उसका प्रतिकार करेगी।
आद्या शंकर यादव ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में “221715” नाम से एक कुख्यात गैंग सक्रिय है, जिसमें सैकड़ों युवा जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह गैंग एक मिनट में सैकड़ों लोगों को इकट्ठा कर मारपीट और हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देता है। उन्होंने सवाल उठाया कि आयुष यादव हत्याकांड में अब तक पुलिस ने क्या कार्रवाई की है और मुख्य आरोपी क्यों अब भी खुलेआम घूम रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि आज बेल्थरा रोड नगर में जगह-जगह अवैध गतिविधियां चल रही हैं, व्यापारियों से रंगदारी मांगी जा रही है और अपराधियों में पुलिस का कोई भय नहीं रह गया है। जो बेल्थरा रोड कभी जिले का सबसे शांत इलाका माना जाता था, वहां आज भय और अराजकता का माहौल बन गया है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में उभांव थाना क्षेत्र में गोलीकांड, हत्या और लूट जैसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आयुष यादव हत्याकांड के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।













