राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया उद्घाटन
यूपी 80 न्यूज़, लखनऊ
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार को केजीएमयू (शताब्दी फेज-2 भवन) में बोनमैरो प्रत्यारोपण यूनिट का शुभारंभ किया। केजीएमयू में 6 लाख रुपये में ही कैंसर पीड़ित मरीजों को बोनमैरो ट्रांसप्लांट की सुविधा मिलेगी। जबकि पीजीआई में यह सुविधा 12 लाख और निजी हॉस्पिटल में 25 लाख रुपये खर्च होगा।

कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने बताया कि आदित्य बिड़ला कैपिटल फाउंडेशन की ओर से काॅर्पोरेट सोशल रेस्पांसबिलिटी (सीआरएस) के तहत मिली रकम से यह यूनिट शुरू की गई है। इसे तैयार करने में करीब 2.76 करोड़ रुपये का खर्च आया है।
कुलपति ने बताया कि रक्त कैंसर, थैलेसीमिया, एप्लास्टी एनीमिया और अन्य आनुवांशिक बीमारियों वाले मरीजों में बोनमैरो प्रत्यारोपण किया जाता है। बोनमैरो प्रत्यारोपण के बाद मरीज में संक्रमण का खतरा ज्यादा रहता है। इसलिए यूनिट में हेपा फिल्टर लगाए गए हैं। इससे बाहर का संक्रमण अंदर नहीं आ पाएगा। ज्यादातर ट्रांसप्लांट प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य राहत कोष से मिली रकम के माध्यम से किए जाएंगे। इस यूनिट से प्रदेश के साथ ही अन्य राज्यों से आने वाले ब्लड कैंसर और रक्त संबंधी जानलेवा बीमारियों से ग्रसित मरीजों को काफी लाभ होगा। बोनमैरो ट्रांसप्लांट यूनिट में आठ बेड हैं। उद्घाटन समारोह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, आदित्य बिड़ला कैपिटल फाउंडेशन की ओर से राजश्री बिड़ला मौजूद रहीं ।














