बिहार चुनाव के बाद लखनऊ पहुंचे प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने की संगठन की समीक्षा, सदस्यता अभियान पर दिया जोर
यूपी80 न्यूज, लखनऊ
प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हुए अपराधिक घटनाओं की जांच के लिए जदयू के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम जांच करेगी और योगी सरकार को अपनी रिपोर्ट सौपेंगी। बिहार में हुई बंपर जीत के बाद पहली बार लखनऊ आगमन पर प्रदेश एवं बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार ने यह निर्देश दिया।
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में पटेल समाज के गरीब एवं कमजोर लोगों पर पिछले दिनों सामंतवादियों ने हमला किया था। जिसे लेकर इन दिनों समाज में आक्रोश व्याप्त है।
जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल की अध्यक्षता में प्रदेश कार्यकारिणी की मासिक बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार कैबिनेट मंत्री ग्रामीण विकास एवं परिवहन बिहार सरकार के लखनऊ आगमन पर कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने स्वागत करते हुए कहा कि बिहार में हमारे नेता नीतीश कुमार जी की सरकार की अभूतपूर्व सफलता ने देश की राजनीति को नई दिशा देने का काम किया है, जिसमें श्रवण कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मंत्री जी आठ बार विधायक रहे । उत्तर प्रदेश का प्रभार सम्भालने से उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं में जोश एवं उत्साह भरने का काम किया है। श्रवण कुमार ने सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया तथा समीक्षा बैठक करके सभी को सदस्यता अभियान को अपरिहार्य बताते हुए कहा कि बिहार की जीत में सदस्यता अभियान की मुख्य भूमिका रही है। उन्होंने समीक्षा बैठक के दौरान प्रदेश के बलरामपुर, फतेहपुर एवं गोंडा जिलों में हुए आपराधिक घटनाओं के लिए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पांच सदस्यीय कमेटी जो कि जांच कर सरकार को रिपोर्ट सौंपेगी, ताकि अपराधियों के साथ सख्त से सख्त कार्यवाही सुनिश्चित हो सके। सभी कार्यकर्ताओं को आने वाले चुनावों के लिए कमर कसने को कहा और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महासचिव सुभाष पाठक एवं संजय पटेल ने किया।














