सहायक नगर आयुक्त से एक कार्यक्रम के दौरान किया था दुर्व्यवहार
आरोपी की गिरफ्तारी की मांग , तालाबंदी की चेतावनी
यूपी80 न्यूज, आगरा
सदर बाजार स्थित एकलव्य स्टेडियम में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह के भतीजे हर्ष चौधरी द्वारा सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम के साथ की गई अभद्रता को लेकर नगर निगम कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। कर्मचारी इसे अधिकारी की गरिमा पर हमला बताते हुए कार्रवाई की मांग पर अड़ गए हैं।

घटना के विरोध में सोमवार को नगर निगम के समस्त कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर काम किया। दिनभर निगम परिसर में रोष देखने को मिला। विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि यदि आरोपी के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं की गई तो निगम कर्मी तालाबंदी कर हड़ताल पर चले जाएंगे।
कर्मचारी नेताओं ने नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल से कार्रवाई की मांग करते हुए कि कहा है कि किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा निगम के अधिकारी या कर्मचारी के साथ इस प्रकार का दुस्साहस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोपी हर्ष चौधरी के नगर निगम परिसर में प्रवेश को भी प्रतिबंधित करने की मांग की गई।
इस दौरान श्याम करुणेश, प्रदेश अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश सफाई कामगार संगठन, सुंदर बाबू चंचल प्रदेश अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी संघ, विनोद इलाहाबादी वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ, लोकेश परिहार अध्यक्ष आगरा नगर निगम कर्मचारी संघ, महेंद्र सिंह फौजदार अध्यक्ष, आगरा नगर निगम पेंशन एवं फंड, संतोष डागौर अध्यक्ष स्थानीय निकाय सफाई कर्मचारी संघ, राजकुमार विद्यार्थी क्षेत्रीय अध्यक्ष बुंदेलखंड, उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ, रेशम सिंह चाहर अध्यक्ष आगरा नगर निगम चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ, सुनील चौहान साजन चौहान रोहित लवानिया रंजीत सिंह नरवार आदि कई पदाधिकारी शामिल रहे।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। नगर निगम प्रशासन के सामने अब स्थिति को सामान्य करने और कर्मचारियों की नाराजगी दूर करने की चुनौती खड़ी हो गई है।
पढ़ते रहिए यूपी80 न्यूज: लखनऊ में छठीं के छात्र की टेस्ट के दौरान हार्ट अटैक से मौत
Pls read कैसे पहुंचे ताजमहल, आगरा, बस, ट्रेन, टैक्सी अथवा फ्लाइट












