यूपी 80 न्यूज़, लखनऊ
“जो परिश्रम कर पाता है,
वही जग में जाना जाता है।
जन्म से ना कोई होता महान,
मेहनत करे वो पाता है नाम।”
महान संत कबीर की तपोस्थली जनपद संत कबीर नगर के एक सामान्य किसान की बेटी प्रभा पटेल पर यह पंक्ति पूर्णतः लागू होती है। जनपद के महुली कस्बा के कुर्मियाना पुरवा के रहने वाले किसान वीरेंद्र चौधरी की सबसे छोटी बेटी प्रभा पटेल ने प्रदेश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा यूपीपीएससी पास की है। प्रभा का चयन डीएसपी पद पर हुआ है।
गांव में ही हुई प्रारंभिक पढ़ाई:
प्रभा की प्रारंभिक पढ़ाई महुली कस्बे में हुई एवं इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीएससी, एलएलबी करने के बाद सिविल की तैयारी में जुट गईं। प्रभा ने दो वर्ष पूर्व लखनऊ सचिवालय में बतौर एआरओ पद पर जॉइन की, लेकिन प्रभा की तैयारी निरंतर चलती रही। यूपीपीएससी परीक्षा 2023 में प्रभा का प्रदेश स्तरीय 27वीं रैंक के तौर पर डीएसपी के रूप में चयन हुआ है।
उनकी माँ हरमती देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। प्रभा पटेल की सफलता पर परिवार सहित गांव में हर्ष का माहौल है।