यूपी80 न्यूज, लखनऊ
अयोध्या Ayodhya की भांति 16 नगर निगमों को भी सोलर सिटी Solar City के रूप में विकसित किया जाएगा। इस बाबत तैयारी शुरू कर दी गई है। नगर निगमों में सोलर ट्री, ई रिक्शा, वाटर कियोस्क के इंतजाम होंगे।
प्रदेश के पहले सोलर सिटी के रूप में अयोध्या विकसित की जा रही है। 40 करोड़ की परियोजना के लिए बजट में 15 करोड़ 75 लाख रुपये का इंतजाम किया गया है। इसके तहत सरकारी एवं आवासीय भवनों पर सोलर प्लांट, सोलर स्ट्रीट लाइटें, सोलर हाईमास्ट, एनर्जी पंप और सोलर बोट तक का इंतजाम किया जा रहा है। अब तक सरकारी भवनों पर करीब 515 किलोवाट के सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं।
प्रदेश के अन्य नगर निगमों को भी सोलर सिटी के रूप में विकसित करने की तैयारी है। नगर निगमों का आंकलन कर परियोजना तैयार की गई है। इससे नगर निगमों का सौंदर्यीकरण होगा और बिजली की खपत घटेगी। सोलर सिटी में 50 किलोवाट के जरिए 40 से 50 दुकानों को आच्छादित करते हुए वेंडिंग जोन बनाया जाएगा।
वरिष्ठ परियोजना अधिकारी एसडी दुबे के मुताबिक सोलर सिटी के तहत पर्यटन स्थल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थल पर सोलर ट्री लगाए जाएंगे। अयोध्या में 40 सोलर ट्री लग गए हैं, जिनमें एलईडी लाइटें लगी हैं। मोबाइल और लैपटॉप चार्ज करने की भी व्यवस्था है। सोलर से चार्जिंग स्टेशन तैयार किया गया है। अयोध्या में परिक्रमा मार्ग पर आठ स्टेशन बन रहे हैं। अयोध्या में 40 ई रिक्शा संचालित होंगे। यूपीनेडा के निदेशक अनुपम शुक्ला कहते है कि प्रदेश के पहले सोलर सिटी के रूप में अयोध्या का विकास किया गया है। इसके सार्थक परिणाम सामने हैं। अन्य नगर निगमों को भी विकसित करने की बारी है जिस पर काम शुरू होगा।
![सफल](http://up80.online/wp-content/uploads/2023/01/सफल-डायगनोस्टिक-सेंटर-250x300.jpg)
![सरदार पटेल अकादमी](http://up80.online/wp-content/uploads/2023/01/सरदार-पटेल-अकादमी-300x144.jpg)