यूपी 80 न्यूज़, नई दिल्ली
दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल Arvind Kejriwal की गिरफ्तारी पर अमेरिका US और जर्मनी के बाद अब संयुक्त राष्ट्र संघ UNO ने भी टिप्पणी की है।
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस के एक प्रवक्ता ने कहा है, ‘उन्हें उम्मीद है कि भारत तथा किसी भी अन्य देश में, जहां चुनाव हो रहे हैं, लोगों के राजनीतिक और नागरिक अधिकारों की रक्षा की जाएगी और हर कोई एक स्वतंत्र व निष्पक्ष माहौल में मतदान कर पाएगा।’
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और विपक्षी दल कांग्रेस के बैंक खातों के लेनदेन पर रोक को लेकर भारत में आगामी लोकसभा चुनाव से पहले राजनीतिक स्थिति पर ये टिप्पणियां करते हुए कहा हमें बहुत ज्यादा उम्मीद है कि भारत तथा किसी भी अन्य देश में जहां चुनाव होने जा रहे हैं, वहां हर किसी के अधिकारों की रक्षा की जा रही है, जिनमें राजनीतिक और नागरिक अधिकार दोनों ही शामिल हैं, तथा हर कोई स्वतंत्र व निष्पक्ष माहौल में मतदान कर पाएगा।
बता दें कि संयुक्त राष्ट्र की इस टिप्पणी से एक दिन पहले अमेरिका ने भी केजरीवाल की गिरफ्तारी तथा कांग्रेस पार्टी के बैंक खातों से लेनदेन पर रोक लगाए जाने को लेकर प्रतिक्रिया जाहिर की थी।
हालांकि भारत ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर की गई अमेरिकी विदेश विभाग की टिप्पणी को अनुचित करार दिया है और कहा है कि उसे अपनी स्वतंत्र और मजबूत लोकतांत्रिक संस्थाओं पर गर्व है और वह इन्हें किसी भी प्रकार के अनावश्यक बाहरी प्रभाव से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है।