यूपी80 न्यूज, बलिया
अपनी पहचान के अनुरूप बलिया Ballia के लोगों ने निकाय चुनाव Municipal Election में भी अपने तेवर से प्रदेश व केंद्र की एनडीए NDA सरकार को आत्ममंथन करने के लिए मजबूर कर दिया है। राष्ट्रवाद से ओतप्रोत इस जनपद के लोगों ने भाजपा व समाजवादी पार्टी के अलावा बसपा, सुभासपा व निर्दलीय प्रत्याशियों को भी सिर माथे पर बिठाया है। जनपद की दो नगर पालिका एवं 10 नगर पंचायत की सीटों में से भाजपा को महज पांच सीटों से ही संतोष करना पड़ा है। इसके अलावा विधान सभा चुनाव में नंबर दो पर रही समाजवादी पार्टी निकाय चुनाव में भी दूसरे पायदान पर रही। सपा के हिस्से में तीन सीटें आई हैं। निकाय चुनाव के परिणाम ने योगी सरकार में बलिया का प्रतिनिधित्व कर रहे कद्दावर मंत्री दयाशंकर सिंह एवं दानिश आजाद को भी आईना दिखाया है।

बलिया की दो नगर पालिका सीटों में से बलिया सदर पर भाजपा के संतलाल गुप्ता उर्फ मिठाई लाल तो रसड़ा से बसपा के विनय शंकर जायसवाल को जीत हासिल हुई है। बसपा के एकमात्र विधायक उमाशंकर सिंह रसड़ा से ही निर्वाचित हुए हैं। बलिया नगर पालिका परिषद में भाजपा की 28 सालों बाद वापसी हुई है।
भाजपा के इन नेताओं ने की खूब मेहनत:
भाजपा प्रत्याशियों को जीत का तिलक लगाने के लिए बलिया सदर से विधायक एवं प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने यहां खूब मेहनत की। इनके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, आजमगढ़ से भाजपा सांसद एवं भोजपुरी फिल्म स्टार दिनेश लाल निरहुआ, गोरखपुर के सांसद एवं फिल्म स्टार रविकिशन के अलावा जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने भी खूब मेहनत की, बावजूद इसके रिजल्ट आशा के अनुरूप नहीं आया।
सुभासपा का भी खुला खाता:
चुनावी अखाड़े में अकेले अपने दम पर उतरी पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर की पार्टी ने भी निकाय चुनाव में जनपद में अपना खाता खोला है। रतसड़ नगर पंचायत से सुभासपा के अजय राजभर ने जीत हासिल की है। हालांकि पंचायत चुनाव में बलिया जनपद में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने वाली सुभासपा को भी अपनी वर्तमान स्थिति पर आत्ममंथन करने की जरूरत है।
बलिया जनपद में निकाय चुनाव का परिणाम:
नगर पालिका परिषद:
बलिया- संतलाल गुप्ता- भाजपा
रसड़ा-विनय शंकर जायसवाल-बसपा
नगर पंचायत:
बैरिया-शांति देवी-भाजपा
चितबड़ागांव-अमरजीत सिंह-भाजपा
सिकंदरपुर-सावित्री देवी-भाजपा
बेल्थरारोड-रेनू गुप्ता-भाजपा
बांसडीह-सुनील सिंह –सपा
मनियर –रितु देवी-सपा
नगर –इंदु देवी-सपा
रतसर- अजय राजभर-सुभासपा
रेवती –जयश्री पांडेय- निर्दल
सहतवार-सरिता सिंह-निर्दल
