गुजरात के दांडी से शुरू होकर दिल्ली में सिंघु बॉर्डर पर होगा समापन
यूपी80 न्यूज, नई दिल्ली
कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर पिछले 4 महीने से जारी किसान आंदोलन में अब तक 320 किसान शहीद हो चुके हैं। इन शहीद किसानों के प्रति देशवासियों को जागरूक करने किसान संगठनों ने ‘मिट्टी सत्याग्रह यात्रा’ शुरू की है। ‘मिट्टी सत्याग्रह यात्रा’ 30 मार्च को गुजरात के दांडी से शुरू होकर प्रदेश के अन्य जिलों से होते हुए राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कई जिलों से होकर 5 अप्रैल की सुबह 9 बजे शाहजहांपुर बार्डर पहुंचेगी। इस यात्रा का समापन दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर होगा। बता दें कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ गुजरात के दांडी से ही नमक सत्याग्रह शुरू किया था।
पढ़ते रहिए www.up80.online कृषि कानून की प्रतियां जलाकर किसानों ने होलिका दहन मनाई
संयुक्त किसान मोर्चा के नेता डॉ.दर्शन पाल का कहना है कि यात्रा के आखिरी दौर में पूरे देश की विकेंद्रित यात्राओं में शामिल किसान बॉर्डर पर अपने राज्य के मिट्टी कलश के साथ यात्रा में शामिल होंगे। शाहजहांपुर बॉर्डर से किसान टिकरी बॉर्डर जाएंगे। 6 अप्रैल की सुबह 9 बजे सिंघु बॉर्डर और शाम 4 बजे गाजीपुर बॉर्डर पहुंचेंगे। बॉर्डर पर संयुक्त किसान मोर्चा के सभी वरिष्ठ किसान नेता इस मिट्टी सत्याग्रह में शामिल होंगे।
पूरे देश से आई मिट्टी किसान आंदोलन में शहीदों को समर्पित की जाएगी। बॉर्डर पर शहीद स्मारक बनाए जाएंगे। स्वराज इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र यादव कहते हैं कि कृषि, किसानों और खाद्य सुरक्षा को बचाने के लिए आज नमक की बजाय मिट्टी की जरूरत है। इसी उद्देश्य से ‘मिट्टी सत्याग्रह यात्रा‘ शुरू की गई है।