जय किसान आंदोलन ने जारी किया आंकड़ा, मध्य प्रदेश के मक्का किसानों को सर्वाधिक नुकसान
यूपी80 न्यूज, नई दिल्ली
देश के मक्का किसानों को पिछले 15 दिनों के अंदर 71 करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। सरकार ने मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य अर्थात एमएसपी 1850 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित की थी। लेकिन किसानों को औसतन 1465 रुपए प्रति क्विंटल ही मक्के की कीमत मिल सकी। अर्थात प्रति क्विवंटल 385 रुपए का नुकसान झेलना पड़ा। जय किसान आंदोलन की तरफ से शुक्रवार को जारी प्रेस नोट में यह जानकारी दी गई है।
जय किसान आंदोलन के संस्थापक सदस्य योगेंद्र यादव
का कहना है कि यदि इसी तरह बाजार भाव चलता रहा और सरकार ने कोई दखल नहीं दी तो केवल मक्के की फसल में इस साल किसानों को 498 करोड़ रुपए का नुकसान झेलना पड़ेगा।
योगेंद्र यादव का कहना है कि मक्का उत्पादन वाले मुख्य प्रदेशों में मध्य प्रदेश के किसान की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। मध्य प्रदेश के मक्का किसान को 566 रुपए प्रति क्विंटल का नुकसान झेलना पड़ा। पिछले 15 दिनों के अंदर मध्य प्रदेश के मक्का किसान को 30 करोड़ का नुकसान हुआ। तेलंगाना के किसानों को 8 करोड़ और राजस्थान के किसानों को 10 करोड़ का नुकसान झेलना पड़ा है।