भाजपा के 10 उम्मीदवारों में से केवल अरविंद शर्मा के ही होर्डिंग-बैनर राजधानी में नजर आएं
यूपी80 न्यूज, लखनऊ
उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव हेतु सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के सभी 10 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। लेकिन लखनऊ के चौक-चौराहों पर जिस तरह से सिर्फ ‘मोदी मैन’ के नाम से मशहूर सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अरविंद शर्मा की होर्डिंग लगे हुए थे, उससे तो कुछ और ही अंदाजा लगाया जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अरविंद शर्मा को काफी अहम जिम्मेदारी दी जाएगी। सीएम पद को छोड़कर उपमुख्यमंत्री, गृह मंत्री जैसे अहम पद देने की चर्चा आम है।
बता दें कि सोमवार को अरविंद शर्मा के अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, उपमुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा, लक्ष्मण आचार्य सहित सभी 10 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। लेकिन लखनऊ के हर प्रसिद्ध चौराहों पर केवल अरविंद शर्मा के ही होर्डिंग-बैनर दिखाई दियें। भाजपा का हर खास और आम नेता अरविंद शर्मा को बधाई देने में जुटा हुआ था। पिछले चार दिनों के अंतर्गत अरविंद शर्मा ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात की और प्रदेश की राजनैतिक स्थिति को करीब से जानने का प्रयास किया।
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि प्रशासन एवं नौकरशाही पर अरविंद शर्मा की सीधी पकड़ रहेगी और सीधे वह पीएमओ को रिपोर्ट करेंगे। इसके अलावा अरविंद शर्मा प्रदेश में चल रही विकास परियोजनाओं को गति देने का भी काम करेंगे। अब मोदी मैन अपने मिशन में कितना सफल होते हैं, यह तो आने वाला वक्त बताएगा।