सीबीएसई ईस्ट जोन योगासन चैंपियनशिप-2026 में झारखंड, बिहार, प्रयागराज व लखनऊ जोन की टीमों का शानदार प्रदर्शन
20 जुलाई को घोषित होंगे परिणाम
यूपी 80 न्यूज़, चकिया (चंदौली)।
सिल्वर बेल्स स्कूल में आयोजित चार दिवसीय सीबीएसई ईस्ट जोन योगासन चैंपियनशिप-2026 के दूसरे दिन शनिवार को योग की अद्भुत प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। झारखंड, बिहार, प्रयागराज और लखनऊ जोन से आए विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक समूह योग (ट्रेडिशनल ग्रुप योगा) प्रतियोगिता में कठिन से कठिन योग मुद्राओं का सटीक प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खिलाड़ियों के संतुलन, लचीलापन, एकाग्रता और टीम समन्वय ने उपस्थित लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन पूरे दिन विभिन्न आयु वर्गों में मुकाबले हुए। प्रतिभागियों ने तालमेल, अनुशासन और शारीरिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्णायक मंडल से खूब सराहना बटोरी। योग की जटिल मुद्राओं को सहजता और आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

प्रतियोगिता में अंडर-14 बालिका वर्ग में 21 टीमें, अंडर-17 बालिका वर्ग में 30 टीमें, अंडर-19 बालिका वर्ग में 9 टीमें, अंडर-14 बालक वर्ग में 12 टीमें, अंडर-17 बालक वर्ग में 9 टीमें तथा अंडर-19 बालक वर्ग में 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। पूर्वी भारत के विभिन्न सीबीएसई विद्यालयों की कुल दर्जनों टीमें इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अपनी योग प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री (आयुष) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ द्वारा प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया था। उन्होंने योग को तन, मन, मस्तिष्क और आत्मा को जोड़ने वाली भारतीय संस्कृति की महान परंपरा बताते हुए विद्यार्थियों से नियमित योग अपनाने का आह्वान किया था।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता का समापन 20 जुलाई को होगा। अंतिम दिन सभी वर्गों के परिणाम घोषित किए जाएंगे तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। विद्यालय परिसर में पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और दर्शकों के बीच उत्साह का माहौल बना हुआ है।












