2027 में बीजेपी की यूपी में होगी ऐतिहासिक विजय -पंकज चौधरी
यूपी80 न्यूज, लखनऊ
उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रथम मऊ आगमन पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा की उपस्थिति एवं सक्रिय नेतृत्व में अभूतपूर्व स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। मऊ में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों का अपार जनसमूह उमड़ पड़ा, प्रदेश अध्यक्ष का ऐतिहासिक अभिनंदन किया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि मऊ की जनता और कार्यकर्ताओं का यह प्रेम उन्हें अभिभूत करता है। हम केंद्रीय नेतृत्व को विश्वास दिलाते है कि कार्यकर्ताओं और जनता के बल पर 2027 में भाजपा उत्तर प्रदेश में ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेगी। प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में निरंतर विकास को देख रही है। आमजन सुकून महसूस करे ,यही डबल इंजन की सरकार का मकसद है। इस दिशा में ही सरकार और भारतीय जनता पार्टी का कदम आगे बढ़ता है। कार्यकर्ता हमारी ताकत है और हम उनके सम्मान के लिए हर कदम पर खड़े मिलेंगे।
इस मौके पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने महराजगंज को बाहुबलियों और माफियाओं से मुक्त कराया, उसी प्रकार हम सब मिलकर मऊ को भी पूरी तरह माफिया मुक्त बनाएंगे। यह कोई नई शुरुआत नहीं है बल्कि यह कार्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में निरंतर और निर्णायक रूप से आगे बढ़ रहा है। योगी सरकार में माफियाओं के बड़े-बड़े गढ़ और वटवृक्ष गिराए जा चुके हैं। अब जो कुछ झाड़-झंखाड़ शेष हैं, उन्हें भी पूरी तरह साफ किया जाएगा। उत्तर प्रदेश में अब कानून का राज स्थापित है और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। सरकार आम जनता की सुरक्षा और विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहे हैं।
एके शर्मा ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एक कार्यकर्ता आधारित नेता हैं और यही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम, जनता के विश्वास और सुशासन के बल पर 2027 में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद हरिनारायण राजभर, पूर्व विधायक विजय राजभर, जिला अध्यक्ष, चेयरमैन, पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।














