यूपी80 न्यूज, रायबरेली
रायबरेली में शुक्रवार शाम को एक ऐसी घटना घटी, जिसे सुनकर कृषि विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। जनपद के अतागंज उसरी गांव में ई-खसरा की पड़ताल करने पहुंचे प्राविधिक सहायक (कृषि) की ग्रामीणों ने चोर समझ कर पिटाई कर दी। अधिकारी को ग्रामीणों ने दौड़ा-दौड़ाकर लात-घूसों से पीटा।
प्रतापगढ़ निवासी दुर्गेश पांडेय सलोन विकासखंड में प्राविधिक सहायक (कृषि) के पद पर तैनात हैं। वह शाम 4 बजे अतागंज उसरी गांव में ई-खसरा पड़ताल करने पहुंचे। इसी दौरान कुछ लोग आए और पूछने लगे क्या कर रहे हो। ग्रामीणों ने उन्हें चोर समझकर पीटना शुरू कर दिया। वह बताते रहे कि वह कृषि विभाग में नौकरी करते हैं, लेकिन हमलावरों ने उनकी एक बात नहीं सुनी। मारपीट में वह घायल हो गए। हालांकि बाद में पुलिस ने कुछ आरोपियों को पकड़ लिया।












