नेताओं, किसानों ने अपने प्रिय नेता को दी श्रद्धांजलि
लखनऊ, 7 मार्च
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीवान चंद चौधरी (60) का शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। दीवान चंद के निधन से प्रदेश सहित पूरे देश के किसान संगठनों में शोक की लहर फैल गई। दीवान चंद चौधरी बस्ती जनपद के मुंडेरवा क्षेत्र के रहने वाले थे। उनके निधन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने दु:ख प्रकट किया है। पूर्व सांसद एवं उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रहे रामप्रसाद चौधरी ने दीवान चंद चौधरी के निधन पर उनके आवास पर जाकर श्रद्धांजलि दी। यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष हरनाम सिंह ने अपने प्रिय नेता के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि दीवान चंद चौधरी जी हम किसानों के लिए प्रेरणास्रोत थे।
वरिष्ठ सर्जन एवं अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ.एचएन पटेल ने भी दीवान चंद चौधरी के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि दीवान चंद जी किसानों की आवाज थें। अपना दल (एस) के कोषाध्यक्ष राम सिंह पटेल का कहना है कि दीवान चंद चौधरी जी हर किसानों की आवाज थे। किसानों के हक के लिए उन्होंने कई आंदोलन किए। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ.अनूप पटेल ने दिवंगत किसान नेता के निधन पर शोक प्रकट किया।
अपना दल एस के युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत चौधरी दु:ख व्यक्त करते हुए कहते हैं कि दीवान चंद चौधरी जी हमारे अभिभावक तुल्य थें। हमारे परिवार के प्रति उनका सदैव स्नेह रहा। तराई सहित पूरे प्रदेश में उन्होंने किसानों की लड़ाई को आगे बढ़ाया।
किसानों के लिए किए गए संघर्ष हम नौजवानों को सदैव प्रेरित करेगा। महाराजगंज निवासी एवं लखनऊ उच्च न्यायालय के अधिवक्ता नंद किशोर पटेल कहते हैं कि दीवानचंद चौधरी जी का आकस्मिक निधन कमेरा समाज की अपूर्णनीय क्षति है।