पीएम मोदी व सपा प्रमुख अखिलेश यादव के संसदीय क्षेत्र में हो रहा है मतदान
यूपी80 न्यूज, वाराणसी
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण में योगी मंत्रिमंडल के सात मंत्रियों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है। इस चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़, अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के संसदीय क्षेत्र मिर्जापुर, जम्मू कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा के गृह क्षेत्र गाजीपुर में भी चुनाव हो रहा है। इनके अलावा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओमप्रकाश राजभर भी गाजीपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। अंतिम चरण में पूर्वांचल की 54 सीटों पर चुनाव हो रहा है। 2017 में इनमें से 29 सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी।
डॉ.नीलकंठ शास्त्री-
योगी सरकार में पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी वाराणसी दक्षिणी से चुनाव लड़ रहे हैं। इनके खिलाफ समाजवादी पार्टी से किशन दीक्षित, बसपा से दिनेश कसौधन और कांग्रेस से मुदिता कपूर चुनाव मैदान में हैं।
अनिल राजभर:
योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर वाराणसी की शिवपुर सीट से चुनाव मैदान में हैं। इनके खिलाफ सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर के बड़े पुत्र अरविंद राजभर चुनाव लड़ रहे हैं। यहां से बसपा से रवि मौर्य, कांग्रेस से गिरीश पांडेय चुनाव लड़ रहे हैं।
रविंद्र जायसवाल:
योगी सरकार में स्टांप एवं निबंधन मंत्री रविंद्र जायसवाल वाराणसी उत्तरी से चुनाव लड़ रहे हैं। इनके खिलाफ सपा से अशफाक अहमद, बसपा से श्याम प्रकाश और कांग्रेस से गुलेराना सबस्सुम चुनाव मैदान में हैं।
गिरीश यादव:
योगी सरकार के मंत्री गिरीश यादव जौनपुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। इनके खिलाफ सपा से अरशद खान, बसपा से सलीम खान और कांग्रेस से नदीम जावेद चुनाव मैदान में हैं।
रमाशंकर सिंह पटेल:
प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री रमाशंकर सिंह पटेल मिर्जापुर की मड़िहान सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। इनके खिलाफ सपा से रविंद्र बहादुर सिंह पटेल, बसपा से पूर्व सांसद नरेंद्र सिंह कुशवाहा और कांग्रेस से गीता देवी कोल चुनाव लड़ रही हैं।
संगीता बलवंत:
योगी सरकार में मंत्री संगीता बलवंत गाजीपुर सदर सीट से चुनाव लड़ रही हैं। इनके खिलाफ सपा गठबंधन से जैकिशन साहू, बसपा से विनोद कुमार और कांग्रेस से सीमा देवी चुनाव मैदान में हैं।
संजीव गोंड:
योगी सरकार के मंत्री संजीव गोंड सोनभद्र की ओबरा सीट से चुनाव मैदान में हैं। इनके खिलाफ सपा से अरविंद कुमार, बसपा से सुभाष खरवार और कांग्रेस से रामराज गोंड चुनाव लड़ रहे हैं।