मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सत्येंद्र जैन को वीआईपी कल्चर खत्म करने का निर्देश दिया
नई दिल्ली, 11 सितंबर
दिल्ली सरकार के सरकारी अस्पतालों में अब वीआईपी मरीजों के लिए अलग से इलाज की सुविधा नहीं मिलेगी। अब वीआईपी मरीजों को भी लाइन में खड़ा होकर इलाज कराना होगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस बाबत सोशल मीडिया पर ट्वीट किया है, “स्वास्थ्य विभाग को वीआईपी कल्चर को दिल्ली के सरकारी अस्पतालों से खत्म करने के लिए कहा गया है। अब किसी भी व्यक्ति को प्राईवेट रूम अलॉट नहीं होगा। सभी नागरिक समान हैं और सभी को एक समान चिकित्सा मिलेगी। हम सबसे बेहतर सुविधा देंगे।”
यह भी पढ़िये: दिल्ली में हर जाति के गरीब छात्र का सुधरेगा भविष्य
13899 बेड बढ़ाए जाएंगे:
दिल्ली सरकार के अस्पतालों में 13899 बेड बढ़ाए जाएंगे। इसके तहत 17 अस्पतालों का विस्तार और 6 नए अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। इस बाबत स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने एक विस्तृत रिपोर्ट मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सौंपी है। ये परियोजनाएं 2023 तक पूरी हो जाएंगी। बता दें कि वर्ष 2015 में दिल्ली सरकार के 38 अस्पतालों में 11353 बेड थे। 2023 तक इनकी संख्या बढ़कर 25252 हो जाएगी।
यह भी पढ़िये: संत रविदास मंदिर के लिए केंद्र 5 एकड़ जमीन दे, बदले में 100 एकड़ जमीन विकसित करके दूंगा: अरविंद केजरीवाल