कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने रक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन
यूपी80 न्यूज, लखनऊ
“उत्तर प्रदेश विधान परिषद में कर्मचारी समाज का भी प्रतिनिधित्व होना चाहिए।“ यह मांग कर्मचारी वर्ग की तरफ से उठने लगी है। रविवार को कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा, उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ से मिलकर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। मोर्चा ने मांग की कि प्रदेश में होने वाले विधान परिषद चुनाव में लखनऊ विधान परिषद क्षेत्र में कर्मचारी समाज से प्रतिनिधित्व दिया जाए। इस अवसर पर मोर्चा ने रक्षा मंत्री को प्रदेश भर के कर्मचारियों की समस्याओं से भी अवगत कराया।

संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष वीपी मिश्र के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल में शशि कुमार मिश्रा, महासचिव संयुक्त मोर्चा, सुरेन्द्र श्रीवास्तव प्रदेश उपाध्यक्ष उ.प्र.राज्य कर्मचारी महासंघ, सुरेश रावत अध्यक्ष राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उ.प्र., गिरीश चंद्र मिश्रा, महामंत्री रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद, डा.संजय शुक्ला, अध्यक्ष लखनऊ विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ, मनोज कुमार मिश्रा अध्यक्ष व घनश्याम यादव महामंत्री उ.प्र. राज्य निगम कर्मचारी महासंघ शामिल थे।
बीपी मिश्रा ने रक्षा मंत्री जी को पत्र देकर अनुरोध किया कि प्रदेश में होने वाले विधान परिषद चुनाव में कर्मचारी प्रतिनिधि के रुप में डा.संजय शुक्ल को आशीर्वाद दे, जिन्हें जिताने का काम लखनऊ के लगभग 2 लाख कर्मचारी करेगें। साथ यह भी अवगत कराया की आठवें वेतन आयोग के नोटिफ़िकेशन में पेंशन वृद्धि एवं महंगाई राहत देने का जिक्र नहीं है। इसके साथ ही पुरानी पेंशन बहाली एवं आउटसोर्स कर्मचारी को नियमित करने एवं पारिश्रमिक बढ़ाने तथा सेवा सुरक्षा एवं इपीएफ लागू करने पर निर्णय किया जाना है। इस पर रक्षा मंत्री जी से सहयोग करने का आग्रह किया गया।
श्री सिंह ने आश्वासन दिया कि वह कर्मचारियों की समस्याओं पर सकारात्मक दृष्टिकोण रखते रहे हैं और आगे भी रखेंगे। उन्होंने कहा कि इप्सेफ़ एवं संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय/प्रादेशिक पदाधिकारियो के साथ नई दिल्ली में बैठक करके सभी समस्याओं का समाधान निकालने का भरपूर प्रयास करेंगे, केन्द्र व राज्य की सरकार कभी भी कर्मचारियों को नाराज नहीं होने देंगे।









