सीएम नीतीश कुमार के बेहद करीब हैं राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह, भूमिहार जाति से आते हैं ललन सिंह
यूपी80 न्यूज, नई दिल्ली
जनता दल यू के वरिष्ठ नेता एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेहद करीबी राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में ललन सिंह के नाम पर फैसला लिया गया। मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह ने ‘एक व्यक्ति-एक पद’ फॉर्मूला के आधार पर अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है।
ललन सिंह व आरसीपी सिंह को साथ लेकर बैठक में पहुंचे नीतीश कुमार:
जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले ललन सिंह दिल्ली स्थित नीतीश कुमार के आवास पर उनसे मिलने गए। थोड़ी देर बाद इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह भी नीतीश कुमार के आवास पर पहुंचे। वहां से नीतीश कुमार दोनों नेताओं को अपनी गाड़ी में बैठाकर जंतर-मंतर स्थित जदयू कार्यालय पहुंचे। यहां पर ललन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव आया, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई।
पढ़ते रहिए www.up80.online ललन सिंह सहित ये हैं नीतीश कुमार के पंच रत्न
ललन सिंह बिहार के मुंगेर से सांसद हैं। भूमिहार जाति से आने वाले ललन सिंह पिछले तीन दशक से नीतीश कुमार के साथ हैं। हालांकि अध्यक्ष पद की दौड़ में पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा का भी नाम काफी आगे था। लेकिन उन्हें पार्टी में शामिल हुए महज कुछ महीने हुए हैं, इसलिए माना जा रहा है कि अध्यक्ष पद तक पहुंचने के लिए उन्हें नीतीश कुमार का दिल जीतने पड़ेगा और इसके लिए उन्हें अभी लंबे समय तक पार्टी की सेवा करनी पड़ेगी।
जदयू में सोशल इंजीनियरिंग:
फिलहाल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह भी कुर्मी समाज से हैं। ललन सिंह के अध्यक्ष बनाए जाने के बाद ओबीसी और सवर्ण चेहरों के बीच संतुलन साधने का कोशिश की गई है। इनके अलावा जदयू के बिहार प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा कोइरी जाति से आते हैं।
पढ़ते रहिए www.up80.online जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे सकते हैं आरसीपी सिंह