तीन दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंची कांग्रेस महासचिव, विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन शुरू
यूपी80 न्यूज, लखनऊ
मिशन 2022 को लेकर कांग्रेस भी चुनावी मूड में आ गई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार को अपने तीन दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंची। पंचायत चुनाव में धांधली एवं किसानों की बदहाल स्थिति को लेकर उन्होंने योगी सरकार के खिलाफ अपनी बात रखने के लिए गांधीवादी तरीका अपनाया है। लखनऊ पहुंचते ही प्रियंका गांधी जीपीओ स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल पर ‘मौन धरना’ पर बैठ गईं। इस दौरान उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और विधानमंडल दल की नेता अराधना मिश्रा ‘मोना’ सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता भी धरना में शामिल हुए।
उत्तर प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया कि जिस तरह ब्लॉक प्रमुख चुनाव में लखीमपुर खीरी में एक महिला के साथ अभद्रता की गई, उससे पूरा प्रदेश शर्मसार है। प्रियंका गांधी प्रदेश में व्याप्त जंगल राज की समाप्ति एवं भ्रष्ट योगी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए ‘मौन धारण’ की हैं।
चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगी:
अपने तीन दिवसीय दौरा के दौरान प्रियंका गांधी अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लेकर जिलाध्यक्षों से अलग-अलग बैठक करेंगी और आवश्यक निर्देश देंगी।
बता दें कि प्रियंका गांधी के दौरा से लखनऊ स्थित हजरतगंज के आसपास के इलाकों में जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सुबह से सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं।