कर्वी से चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त की, सपा प्रमुख ने लखनऊ बुलाया
यूपी80 न्यूज, कर्वी/लखनऊ
चित्रकूट जनपद के मानिकपुर से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी एवं दिवंगत दस्यु ददुआ के पुत्र वीर सिंह पटेल ने मानिकपुर से चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। वीर सिंह ने कर्वी से चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त की है। उनके इस निर्णय से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। वीर सिंह के मना करने के बाद उन्हें सपा प्रमुख ने लखनऊ बुलाया है। बता दें कि 2012 में वीर सिंह कर्वी से विधायक चुने गए थे।

समाजवादी पार्टी ने दो दिन पहले चित्रकूट जनपद की दोनों सीटों कर्वी से अनिल प्रधान पटेल एवं मानिकपुर से वीर सिंह पटेल को प्रत्याशी घोषित किया था। लेकिन वीर सिंह पटेल का कहना है कि वह पूर्व में कर्वी से विधायक थे और वहीं से उन्होंने तैयारी की है। इससे पहले वीर सिंह पटेल 2005 में निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष भी चुने गए थे।

वीर सिंह पटेल का कहना है कि वह कर्वी सदर सीट से तैयारी कर रहे थे और अचानक मानिकपुर से टिकट मिलने पर कम समय में चुनावी जमीन तैयार करना थोड़ा मुश्किल है। 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में यहां से भाजपा के चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय चुनाव जीत गए थे।
