यूपी80 न्यूज़, लखनऊ
लोकसभा चुनाव में अति पिछड़ों विशेषकर राजभर समाज को संदेश देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्री ओम प्रकाश राजभर Omprakash Rajbhar को बड़ा तोहफा दिया है। सुभासपा प्रमुख और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर को पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
5 मार्च को योगी कैबिनेट के विस्तार में बने नए मंत्रियों को सोमवार को विभागों का बंटवारा कर दिया गया। सुभासपा के नेता और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर को पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, बीजेपी के दारा सिंह चौहान को कारागार मंत्रालय सौंपा गया है और सुनील शर्मा आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग का दायित्व संभालेंगे। रालोद कोटे से मंत्री बने अनिल कुमार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महकमा सौंपा गया है। इनके अलावा मंत्री धर्मवीर प्रजापति से कारागार विभाग ले लिया गया है और अब प्रजापति नागरिक सुरक्षा एवं होमगार्ड विभाग मंत्रालय संभालेंगे।
पॉवरफुल मिनिस्टर के तौर पर उभरे राजभर:
सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर योगी सरकार के पॉवरफुल मिनिस्टर के तौर पर उभरे हैं। दोनों डिप्टी सीएम, स्वतंत्र देव सिंह और एके शर्मा के बाद सबसे महत्वपूर्ण विभाग ओम प्रकाश राजभर को मिला है। फिलहाल स्वतंत्र देव सिंह के पास जल शक्ति मंत्रालय और एके शर्मा को ऊर्जा एवं नगर विकास विभाग है। इनके अलवा अब ओम प्रकाश राजभर के पास दो महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी मिली है।