यूपी80 न्यूज, लखनऊ
भारतीय जनता पार्टी की तरफ से उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों के जिलाध्यक्षों की सूची कभी भी आ सकती है। पिछले एक महीने से नई सूची को लेकर प्रदेश के तमाम भाजपा नेताओं को इंतजार है। बलिया जनपद के उन नेताओं की धड़कने भी तेज हो गई हैं, जो नई जगह में अपनी जगह बनाने को लेकर आतुर हैं।
फिलहाल बलिया के मौजूदा जिलाध्यक्ष संजय यादव फिर से जिलाध्यक्ष बनने के लिए बलिया से दिल्ली व लखनऊ का दौरा कर रहे हैं तो दूसरी ओर अन्य कई नेता भी इस पद पर पहुंचने के लिए लगे हुए हैं। इस सूची में बलिया जिला मुख्यालय से 60 किमी दूर बेल्थरारोड क्षेत्र के भी भाजपा के कई चेहरे शामिल हैं।
चूंकि बलिया जनपद की राजनीतिक परिदृश्य पर नजर डालते हैं तो ज्ञात होता है कि वर्तमान में बलिया जनपद से दो चेहरे योगी मंत्रिमंडल में शामिल हैं। इनमें परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह बलिया सदर से विधायक हैं और दूसरे बलिया सदर से महज कुछ दूरी पर स्थित बसंतपुर क्षेत्र के रहने वाले मंत्री दानिश आजाद अंसारी हैं। योगी पार्ट वन में बलिया के फेफना से भाजपा विधायक उपेंद्र तिवारी मंत्री थे।
बेल्थरारोड क्षेत्र से भाजपा का कोई वरिष्ठ नेता मंत्रिमंडल अथवा प्रदेश संगठन के महत्वपूर्ण पद पर नहीं है। हालांकि यह स्थिति केवल भाजपा के दौर में ही नहीं है, अन्य पार्टियों की सरकारों में भी यह क्षेत्र उपेक्षित रहा है। सपा के दिवंगत नेता शारदा नंद अंचल एवं भाजपा के पूर्व मंत्री हरिनारायण राजभर के बाद इस क्षेत्र से कोई व्यक्ति मंत्री नहीं बन सका। ऐसी स्थिति में बेल्थरारोड के लोग खुद को ठगा महसूस करते हैं। मौजूदा सरकार में संगठन से लेकर सत्ता के गलियारों में यहां के लोग खुद को उपेक्षित महसूस करते हैं।
पढ़ते रहिए: जीवन जीने की कला है विपश्यना