यूपी80 न्यूज, गाजीपुर
घोसी में उपचुनाव हम अतिविश्वास के कारण हारे हैं। हार जीत की समीक्षा पार्टी करेगी। लोकसभा चुनाव में हम कमल खिलाएंगे। भारतीय जनता पार्टी का गठबंधन वहां जीतेगा। अखिलेश यादव जब मुख्यमंत्री थे तब सपा साफ हो गई थी। 2022 में वह सरकार बना रहे थे, लेकिन नहीं बनी। एक सीट जीत लेने से वह जो गुब्बारे की तरह फूल रहे हैं, जनता हवा निकाल देगी। यह बातें बहराइच पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से कही।
बता दें कि घोसी उपचुनाव में सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को 42 हजार से ज्यादा वोटों से करारी शिकस्त दी है। दारा सिंह चौहान दो महीने पहले सपा से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए थे।
आजमगढ़ में अति आत्मविश्वास का शिकार हो गए थे अखिलेश यादव:
आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव के दौरान इसी तरह अति आत्मविश्वास का शिकार सपा प्रमुख अखिलेश यादव हो गए थे और इसका नतीजा सपा को अपने गढ़ में ही हार का सामना करना पड़ा। घोसी उपचुनाव में भी भाजपा और उसके सहयोगियों के साथ कुछ इसी तरह का हुआ।
अतिआत्मविश्वास की वजह से भाजपा गठबंधन को घोसी में करारी हार का सामना करना पड़ा, जिसकी सत्ता पक्ष ने सोचा भी नहीं था।












