यूपी80 न्यूज, मिर्जापुर
घर से शुक्रवार की शाम को कोचिंग पढ़ने के लिए निकली इंटर की छात्रा अदलहाट थाना क्षेत्र के एक कॉलेज के पीछे बेहोशी की हालत में निर्वस्त्र मिली। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। छात्रा से दुष्कर्म के बाद कॉलेज के पीछे फेके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
जनपद के अदलहाट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 11वीं की छात्रा शुक्रवार की शाम घर से कोचिंग पढ़ने गई थी। उसके बाद वापस घर नहीं लौटी। देर शाम छह बजे तक वापस नहीं लौटने पर परेशान परिजन खोजबीन में लग गए, लेकिन छात्रा का कुछ पता नहीं चला। सुबह बाजार स्थित एक कॉलेज के पीछे छात्रा निर्वस्त्र बेहोशी हालत में मिली। आसपास के लोगों ने बेहोशी हालत में छात्रा को देख तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। छात्रा के मिलने की जानकारी होते ही परिजन भी पहुंच गए। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। आशंका जताई जा रही है कि छात्रा से दुष्कर्म के बाद उसे कॉलेज के पीछे फेंक दिया गया। इस संदर्भ में अदलहाट थाना अध्यक्ष विजय कुमार चौरसिया ने बताया कि छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपचार के बाद छात्रा के बयान के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है।
